Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भाई की पूजा के बहाने होटल पहुंचा तांत्रिक, लुधियाना में कमरे में युवती से दुष्कर्म का प्रयास; आरोपी हुआ फरार

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 02:00 PM (IST)

    कनाडा निवासी युवती ने पूजा के बहाने होटल पहुंचे तांत्रिक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. लुधियाना में प्रवासी युवती से दुष्कर्म का प्रयास।

    2. तांत्रिक ने पूजा के बहाने होटल में किया हमला।

    3. आरोपी राहुल सूद फरार, पुलिस कर रही तलाश।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में पूजा के बहाने एक युवती से दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कनाडा में रहने वाली एक प्रवासी भारतीय युवती ने कथित तांत्रिक पर होटल के कमरे में उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद सराभा नगर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    फिलहाल आरोपित फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और वर्तमान में कनाडा में रहती है। वह अपनी मां और भाई के साथ भाई के बेहतर भविष्य के लिए विशेष पूजा कराने लुधियाना आई थी।

    परिवार ने शहर के एक होटल में कमरा लिया था। शिकायत में कहा गया है कि राहुल सूद नामक व्यक्ति ने भाई के उज्ज्वल भविष्य और विशेष पूजा का भरोसा दिया था, जिसके बाद उसे होटल बुलाया गया।

    यह भी पढ़ें- पंजाब में ईथेनॉल पर राजनीति बनी खेती व उद्योग पर संकट, व्यापार मंडल बोला- नहीं संभले तो बढ़ सकती हैं मुश्किलें

    भूत निकालने के बहाने दुष्कर्म का प्रयास 

    पीड़िता ने आरोप लगाया कि पूजा शुरू होने से पहले आरोपित ने कुछ पूजा सामग्री मंगवाई। इस दौरान उसकी मां सामान लेने बाहर चली गईं और आरोपित ने उसके भाई को भी किसी बहाने कमरे से बाहर भेज दिया। कमरे में युवती के अकेले रह जाने पर आरोपित ने कहा कि उसके शरीर में दो "भूत" हैं और उन्हें निकालने के लिए विशेष धार्मिक प्रक्रिया करनी होगी।

    शिकायत के अनुसार, इसी बहाने आरोपित ने युवती के साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं। जब युवती ने विरोध किया तो उसने इसे पूजा की प्रक्रिया का हिस्सा बताया। आरोप है कि इसके बाद उसने जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती ने शोर मचाया और किसी तरह खुद को छुड़ाकर कमरे से बाहर निकल आई। बाहर आने के बाद उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- पंजाब: गुरदासपुर के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने के बाद पुलिस अलर्ट; मौके पर पहुंची डॉग स्क्वाड

    मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

    सराभा नगर थाना प्रभारी वरिंदर उप्पल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर राहुल सूद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75, 79, 127 और 351 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आने से पहले उसकी पूरी जानकारी और विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

    यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा में सुरक्षाकर्मियों के रवैये पर बवाल, धक्का-मुक्की का आरोप लगा विपक्ष का जोरदार हंगामा