विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बाजू में लगी चोट, अस्पताल में इलाज जारी'; जानलेवा हमले के बाद कैसी है सुखबीर बादल की हालत?

Updated: Thu, 13 Aug 2026 03:47 PM (IST)

तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में सुखबीर बादल पर हुए हमले की भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने निंदा की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

बाजू पर लगी चोट, अस्पताल में चल रहा इलाज: अर्शदीप क्लेर।

बाजू पर लगी चोट, अस्पताल में चल रहा इलाज: अर्शदीप क्लेर।

HighLights

  1. सुखबीर बादल पर तख्त श्री हजूर साहिब में हमला हुआ

  2. भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने हमले की कड़ी निंदा की

  3. महाराष्ट्र पुलिस कर रही जांच, सुखबीर बादल स्वस्थ हैं

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की खबर सामने आने के बाद भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने चिंता जताते हुए हमले की निंदा की और सुखबीर बादल के जल्द स्वस्थ होने तथा चढ़दी कला के लिए अरदास की।

ढिल्लों ने कहा कि हिंसा का किसी भी समाज और लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। खासकर पवित्र तख्त साहिबानों की धरती पर ऐसी घटना की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्री हजूर साहिब की पवित्र धरती शांति, सेवा, सिमरन और सरबत के भले का संदेश देती है। ऐसे पवित्र स्थान पर हुई हिंसक घटना बेहद दुखद और निंदनीय है।

महाराष्ट्र पुलिस कर रही जांच

शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप क्लेर ने बताया कि सुखबीर बादल पूरी तरह स्वस्थ हैं। हमले में उनके बाजू पर चोट आई है, जिसका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना महाराष्ट्र में हुई है और मामले की जांच महाराष्ट्र पुलिस कर रही है।

क्लेर ने कहा कि सुखबीर बादल पर हमला क्यों किया गया और इसके पीछे कौन है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। महाराष्ट्र पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हमले के कारण तथा इसके पीछे की स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच से जो तथ्य सामने आएंगे, उनकी जानकारी बाद में दी जाएगी।

पवित्र स्थान पर हिंसा निंदनीय

भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि तख्त श्री हजूर साहिब की पवित्र धरती श्रद्धालुओं को शांति और सेवा का संदेश देती है। ऐसे स्थान पर हिंसा की घटना को किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने सुखबीर बादल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

फिलहाल अकाली दल की ओर से सुखबीर बादल की हालत को लेकर स्पष्ट किया गया है कि वह स्वस्थ हैं और बाजू में आई चोट का उपचार चल रहा है। हमले के कारण और इसके पीछे की वजह महाराष्ट्र पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें- पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल पर नांदेड़ में कृपाण से हमला, बचाने की कोशिश में PSO भी घायल

यह भी पढ़ें- कभी मजबूरी, कभी मजबूत दोस्ती! 74 साल से है अकाली दल और BJP का सियासी रिश्ता; हर चुनाव में कैसे बदले समीकरण?