NRI पंजाबियों के वोट बचाने की मांग, सांसद मलविंदर कंग ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र
आम आदमी पार्टी सांसद मलविंदर सिंह कंग ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पंजाब के एनआरआई वोटरों के नाम कटने की आशंका जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक ...और पढ़ें

आम आदमी पार्टी के सांसद मलविंदर सिंह कंग।
HighLights
सांसद मलविंदर कंग ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा।
एनआरआई वोटरों के लिए विशेष प्रावधानों की मांग की।
ऑनलाइन सत्यापन और लचीली समय सीमा का सुझाव।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के सांसद मलविंदर सिंह कंग ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त को विस्तृत पत्र लिखकर पंजाब के एनआरआई वोटरों के लिए विशेष प्रावधान करने की मांग उठाई है। सांसद ने कहा कि वर्तमान प्रक्रिया के कारण विदेशों में रह रहे लाखों वास्तविक पंजाबी वोटरों के नाम मतदाता सूची से कटने का खतरा पैदा हो गया है।
मलविंदर सिंह कंग ने अपने पत्र में कहा कि पंजाब का प्रवासी समुदाय केवल विदेशों में रहने वाला समाज नहीं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त राज्य अमेरिका, इटली और खाड़ी देशों में बसे पंजाबी लगातार अपनी मातृभूमि से जुड़े हुए हैं।
वे पंजाब में निवेश करते हैं, पारिवारिक संपत्तियों की देखरेख करते हैं और बड़ी मात्रा में धन भेजते हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
यह भी पढ़ें- होशियारपुर में हिरासत से भागे हवालाती व पुलिसकर्मी की हाथापाई का CCTV आया सामने, चाकू से हमला करता दिखा
NIR वैध मतदाता के तौर पर पंजीकृत
सांसद ने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन बनाना है, लेकिन इसकी सख्त समय सीमा और प्रक्रिया वास्तविक वोटरों के अधिकारों को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने चिंता जताई कि विदेशों में रहने वाले लोगों के लिए व्यक्तिगत रूप से सत्यापन के लिए उपस्थित होना बेहद कठिन है, क्योंकि वे नौकरी, व्यवसाय और लंबी दूरी जैसी व्यावहारिक समस्याओं से जुड़े होते हैं।
पत्र में उन्होंने कहा कि कई एनआरआई परिवार वर्षों और दशकों से पंजाब में वैध मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं। ऐसे में केवल प्रक्रिया संबंधी कठिनाइयों के कारण उनके नाम हटाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन होगा। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र समावेश की भावना पर आधारित है और किसी भी वास्तविक नागरिक को उसके मतदान अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- सोने के गहनों के लिए 90 वर्षीय महिला की हत्या, पेटी में छिपाई थी लाश; इंसाफ के लिए गांव वाले बैठे धरने पर
NRI के लिए सुविधा उपलब्ध करवाई जाए
मलविंदर सिंह कंग ने चुनाव आयोग से कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। उन्होंने वैध मतदाता पहचान पत्र रखने वाले विदेशी वोटरों के लिए ऑनलाइन और डिजिटल सत्यापन की सुविधा शुरू करने की मांग की। इसके अलावा दस्तावेज जमा करने के लिए अधिक लचीली समय सीमा तय करने की भी अपील की।
उन्होंने सुझाव दिया कि दुनिया भर में भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों के माध्यम से सत्यापन और दस्तावेज प्रमाणन की व्यवस्था की जाए। साथ ही एनआरआई वोटरों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिकायत निवारण केंद्र स्थापित करने की भी मांग रखी।
मतदाता सूची के लिए आवश्यक कदम उठाना जरूरी
सांसद ने यह भी कहा कि अस्थायी रूप से विदेश में रहने वाले लंबे समय से पंजीकृत वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटने से बचाने के लिए स्पष्ट सुरक्षा प्रावधान बनाए जाने चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव आयोग इन चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक कदम उठाएगा।
पत्र में उन्होंने कहा कि पंजाब का प्रवासी समुदाय हमेशा राज्य और देश की मजबूती का स्तंभ रहा है। ऐसे में उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना भी उतना ही जरूरी है।
यह भी पढ़ें- जालंधर में हत्या मामलों में वांछित आरोपित दबोचे, हथियारों की तस्करी में भी शामिल; विदेश से मिल रहे थे आदेश