सोने के गहनों के लिए 90 वर्षीय महिला की हत्या, पेटी में छिपाई थी लाश; इंसाफ के लिए गांव वाले बैठे धरने पर
मानसा जिले के गांव जोड़कियां में 90 वर्षीय महिला की कथित तौर पर गहनों के लिए हत्या कर दी गई। चार दिन बाद महिला की सड़ी हुई लाश एक घर की पेटी से बरामद ...और पढ़ें

इंसाफ के लिए थाने के बाहर एकत्रित लोग।
HighLights
90 वर्षीय महिला की सोने के गहनों के लिए हत्या।
चार दिन बाद पेटी से बरामद हुआ शव।
ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, मानसा। मानसा जिले की सरदूलगढ़ उपमंडल के गांव जोड़कियां में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चार दिन से लापता महिला की लाश गांव के ही एक घर में रखी पेटी से बरामद हुई। शव बुरी तरह खराब हो चुका था। घटना सामने आने के बाद गांव में भारी रोष फैल गया और लोगों ने थाना जोड़कियां के बाहर एकत्र होकर पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
मृतका की पहचान सुखदेव कौर पत्नी भजन सिंह के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार सुखदेव कौर रोजाना की तरह सुबह गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने पर महिला घर की ओर जाती दिखाई दी, लेकिन वह घर तक नहीं पहुंची।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शक के आधार पर गांव के कई घरों की तलाशी ली। इसी दौरान एक घर में रखी पेटी से सुखदेव कौर की लाश बरामद हुई। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें- जालंधर में हत्या मामलों में वांछित आरोपित दबोचे, हथियारों की तस्करी में भी शामिल; विदेश से मिल रहे थे आदेश

मृतक महिला की फाइल फोटो।
कानों व हाथों से सोने के गहने गायब मिले
शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला के कानों और हाथों में पहने गए सोने के गहने गायब थे। पुलिस को आशंका है कि गहनों की लूट के उद्देश्य से हत्या की गई।
खबरें और भी
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नशे के आदी युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गुरदासपुर की महिला SDM अनुप्रीत कौर पर 1.63 करोड़ रुपये गबन का आरोप, कोर्ट ने पुलिस को दिया 3 दिन का रिमांड
नशे को बताया हत्या का कारण
थाना जोड़कियां प्रभारी बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में जगसीर सिंह समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फोरेंसिक दल ने घटनास्थल से नमूने भी जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के विरोध में रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना जोड़कियां के बाहर एकत्र हुए। इस दौरान सरपंच जगसीर सिंह, सूबेदार गुरमेल सिंह, तरसेम सिंह, जसविंदर सिंह और अन्य लोगों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि नशे की वजह से गांवों का माहौल खराब हो रहा है और शरीफ परिवार इसका शिकार बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की। साथ ही गांव में नशा विरोधी समिति बनाने का भी फैसला लिया गया, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।