होशियारपुर में हिरासत से भागे हवालाती व पुलिसकर्मी की हाथापाई का CCTV आया सामने, चाकू से हमला करता दिखा
होशियारपुर में मेडिकल जांच के लिए लाए गए नशा तस्कर ने पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर भागने की कोशिश की। हाथापाई के दौरान चली गोली में आरोपी घायल हुआ, ज ...और पढ़ें
HighLights
हवालाती नसीब सिंह ने पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला किया।
भागने की कोशिश में पुलिस की गोली से हुई मौत।
घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने की जारी।
हजारी लाल, होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर में शनिवार को सिविल अस्पताल के बाहर मेडिकल जांच के लिए लाए गए हवालाती व पुलिस कर्मी के बीच हुई मुठभेड़ की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। सीसीटीवी में आरोपी पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला करता दिखा। बाद में पुलिस करे जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलानी पड़ी। अंत में हवालाती इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान नसीब सिंह निवासी कोटला गौंसपुर के रूप में हुई है। वह नशा तस्करी के मामले में केंद्रीय जेल होशियारपुर में बंद था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शनिवार को नियमित मेडिकल जांच के लिए उसे दो अन्य विचाराधीन कैदियों के साथ सिविल अस्पताल लाया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने बताया कि तीनों कैदियों की सुरक्षा के लिए चार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। अस्पताल के बाहर वरिष्ठ कांस्टेबल जसदीप सिंह आरोपी नसीब सिंह को ई-रिक्शा से एंबुलेंस की ओर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक भागने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें- सोने के गहनों के लिए 90 वर्षीय महिला की हत्या, पेटी में छिपाई थी लाश; इंसाफ के लिए गांव वाले बैठे धरने पर
पिस्तौल छीनने के दौरान चली गोली
पुलिस के अनुसार जब वरिष्ठ कांस्टेबल जसदीप सिंह ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो नसीब सिंह ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में कांस्टेबल के हाथ, चेहरे और पैर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को रोकने और हथियार छोड़ने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार हमला करता रहा।
खबरें और भी
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने पहले जमीन की ओर चेतावनी स्वरूप गोली चलाई। इस दौरान आरोपी और पुलिसकर्मियों के बीच जोरदार हाथापाई भी हुई, जिसमें दोनों जमीन पर गिर पड़े। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनने की कोशिश की। हाथापाई के बीच चली गोली नसीब सिंह को जा लगी।
गोली लगने के बाद घायल आरोपी को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- जालंधर में हत्या मामलों में वांछित आरोपित दबोचे, हथियारों की तस्करी में भी शामिल; विदेश से मिल रहे थे आदेश
पुलिसकर्मी की हालत खतरे से बाहर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास चाकू कहां से आया और वह सुरक्षा जांच से कैसे बच गया। घायल पुलिसकर्मी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जांच की जाएगी। इस घटना के बाद जेल सुरक्षा और हवालातियों की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।