अमृतसर 532 किलो हेरोइन केस: पुर्तगाल से डिपोर्ट शेरा आएगा पंजाब, NIA खोलेगी नशा-आतंकी नेटवर्क की परतें
पुर्तगाल से प्रत्यर्पित किए गए कथित नार्को आतंकी इकबाल सिंह उर्फ शेरा को एनआईए पंजाब लेकर जाएगी। एजेंसी को शक है कि वह नशा तस्करी, हवाला और सीमापार आत ...और पढ़ें

कथित नार्को आतंकी इकबाल सिंह उर्फ शेरा।
HighLights
पुर्तगाल से प्रत्यर्पित नार्को-आतंकी इकबाल शेरा भारत लाया गया।
एनआईए को पंजाब ले जाने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली।
नशा-आतंकी फंडिंग नेटवर्क की परतें खंगालेगी जांच एजेंसी।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में नशा और आतंक के गठजोड़ पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई तेज हो गई है। पुर्तगाल से प्रत्यर्पित किए गए अमृतसर निवासी कथित नार्को-आतंकी इकबाल सिंह उर्फ शेरा को बुधवार को दिल्ली लाए जाने के बाद अदालत में पेश किया गया। जहां से एनआईए को उसे पंजाब ले जाने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मिल गया।
एजेंसी अब पूछताछ कर पंजाब में सक्रिय उसके नेटवर्क की परतें खंगालेगी। एनआईए के अनुसार, शेरा लंबे समय से पंजाब से संचालित उस नेटवर्क का हिस्सा था, जो सीमापार से मादक पदार्थों की तस्करी कर उससे मिलने वाली रकम हवाला माध्यम से पाकिस्तान और कश्मीर स्थित आतंकियों तक पहुंचाता था। जांच एजेंसी का दावा है कि इस धन का इस्तेमाल देश विरोधी गतिविधियों और आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने में किया जाता था।
अधिकारियों के मुताबिक, शेरा पर आरोप है कि उसने पंजाब में एक संगठित गिरोह खड़ा किया था, जो बड़े पैमाने पर हेरोइन की खेप की सप्लाई, उससे प्राप्त रकम की वसूली और उसे आतंकी संचालकों तक पहुंचाने का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसका संपर्क हिज्ब-उल-मुजाहिदीन से जुड़े तत्वों के साथ था।
यह भी पढ़ें- अमृतसर 532 किलो हेरोइन मामले का मुख्य आरोपी शेरा अरेस्ट, पुर्तगाल से पकड़ भारत लौटी NIA
2020 में खुले थे राज
यह मामला वर्ष 2020 में पंजाब पुलिस की ओर से दर्ज किया गया था। शुरुआती कार्रवाई में हिज्ब-उल-मुजाहिदीन के एक सहयोगी हिलाल अहमद शेरगोजरी की गिरफ्तारी हुई थी। उसके पास से कथित तौर पर 29 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई थी, जिसे नशा तस्करी से जुड़ी कमाई बताया गया।
खबरें और भी
बाद की जांच में पंजाब के अलग-अलग स्थानों से 32 लाख रुपये और बरामद किए गए थे। इसके बाद मामला एनआईए ने अपने हाथ में लिया। शेरा के खिलाफ अक्टूबर 2020 से गैर जमानती वारंट जारी था। जून 2021 में इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ नोटिस जारी किया था।
यह भी पढ़ें- मोहाली में सियासी तेज, वार्ड-40 में भाजपा प्रत्याशी के पिता पर चुनावी प्रचार के दौरान हमला
बीते दिन पुर्तगाल से लाया गया भारत
लंबे कानूनी प्रयासों के बाद उसे पुर्तगाल से भारत लाया गया। अब एजेंसी उसके जरिए सीमापार तस्करी और आतंकी फंडिंग के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। उधर, अमृतसर में पुलिस ने सीमावर्ती इलाके में हथियार तस्करी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पांच लोगों, जिनमें एक किशोर भी शामिल है, को गिरफ्तार कर छह पिस्तौल और 14 कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कुछ हथियार अमेरिका, तुर्किये और क्रोएशिया में बने हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हथियारों की खेप ड्रोन के जरिए अटारी सेक्टर में गिराई जाती थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पंजाब में नशा, हथियार और आतंकी नेटवर्क के बीच सक्रिय गठजोड़ पर केंद्रीय और राज्य एजेंसियां एक साथ शिकंजा कस रही हैं।