Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब कांग्रेस का डैमेज कंट्रोल! चंडीगढ़ पहुंचेंगे भूपेश बघेल, चन्नी-वड़िंग विवाद सुलझाने की कोशिश

    By Dr. Sumit Singh SheronEdited By: Anuj Sharma
    Updated: Mon, 06 Jul 2026 11:41 AM (IST)

    पंजाब कांग्रेस में चुनाव समिति को लेकर बढ़ी नाराजगी के बीच भूपेश बघेल चंडीगढ़ पहुंचेंगे। वह वरिष्ठ नेताओं से बैठक कर संगठनात्मक स्थिति, चुनावी तैयारिय ...और पढ़ें

    पंजाब के 5 दिवसीय दौरे से पहले छत्तीसगढ़ से रवाना होते हुए भूपेश बघेल।

    पंजाब के 5 दिवसीय दौरे से पहले छत्तीसगढ़ से रवाना होते हुए भूपेश बघेल।

    HighLights

    1. भूपेश बघेल पांच दिन के पंजाब दौरे पर

    2. पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह सुलझाने का प्रयास

    3. चन्नी, वड़िंग समेत अन्य नेताओं से करेंगे मुलाकात

    डॉ सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में विधानसभा चुनाव से पहले उभरी अंदरूनी खींचतान को शांत करने के लिए पार्टी हाईकमान ने सक्रियता बढ़ा दी है। पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल सोमवार दोपहर तकरीबन 3 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे। सूत्रों के अनुसार वह अगले करीब पांच दिनों तक पंजाब में रहकर पार्टी नेताओं से अलग-अलग बैठकें करेंगे और विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा करेंगे।

    छत्तीसगढ़ से रवाना होने से पहले भूपेश सिंह बघेल ने कहा—

    पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मैं पंजाब दौरे पर जा रहा हूं। चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से कमेटियां गठित की जा चुकी हैं। यूथ कांग्रेस के चुनाव भी हो चुके हैं। पंजाब के सभी साथियों से मिलकर चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।

    सूत्रों के मुताबिक, चुनाव समिति के गठन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक नेताओं की नाराजगी के बीच हाईकमान डैमेज कंट्रोल में जुटा है। इसी क्रम में भूपेश बघेल सबसे पहले चन्नी और कुछ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद उनकी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत अन्य नेताओं के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं।

    यह भी पढ़ें- बटाला में हाईवे किनारे खड़े खराब ट्रक में रेत से भरा टिप्पर टकराया, केबिन में फंसा चालक; SSF ने बचाई जान

    संगठन मजबूत करने पर हाईकमान का फोकस

    बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व फिलहाल चुनाव समिति में किसी तरह के बदलाव के पक्ष में नहीं है। पार्टी का फोकस संगठन को एकजुट कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना है। इस बीच एआईसीसी के पंजाब के तीन सह प्रभारी हीना कावरे, रविंदर डलवी और सूरज ठाकुर भी चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। सभी नेता प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और संगठन की स्थिति का फीडबैक लेंगे।

    यह भी पढ़ें- पंजाब नगर निकाय चुनाव में AAP का दबदबा, 95 में से 56 वार्डों पर कब्जा कर विपक्ष को पछाड़ा

    हाईकमान मतभेद दूर करने में जुटा

    सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग ने चुनावी रणनीति को लेकर नेताओं से वन-टू-वन मुलाकातों का दौर शुरू कर दिया है। दूसरी ओर चरणजीत सिंह चन्नी भी अपने समर्थक नेताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। ऐसे में हाईकमान की कोशिश दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर कर चुनाव से पहले एकजुटता का संदेश देने की है।

    खबरें और भी

    कांग्रेस नेतृत्व राहुल गांधी के विदेश दौरे से 7 जुलाई तक लौटने से पहले पंजाब के हालात पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करना चाहता है। भूपेश बघेल अपने दौरे के बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को पंजाब की राजनीतिक स्थिति और चुनावी तैयारियों पर रिपोर्ट सौंपेंगे। दिल्ली में रवाना होने से पहले भूपेश बघेल ने भी कहा कि कांग्रेस में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और सभी नेता मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

    यह भी पढ़ें- रील बनाने की सनक पड़ी भारी, लुधियाना में लर्निंग लाइसेंस पर कार चला रहे युवक ने 2 महिलाओं को कुचला; 1 की मौत