Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बटाला में हाईवे किनारे खड़े खराब ट्रक में रेत से भरा टिप्पर टकराया, केबिन में फंसा चालक; SSF ने बचाई जान

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 11:23 AM (IST)

    अमृतसर-जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिल्लांवाली के पास खराब ट्रक में रेत से भरे टिपर ने टक्कर मार दी। चालक केबिन में फंस गया। एसएसएफ ने रेस्क्यू ...और पढ़ें

    केबिन में फंसे चालक को निकालने का प्रयास करते हुए एसएसएफ की टीम व लोग।

    केबिन में फंसे चालक को निकालने का प्रयास करते हुए एसएसएफ की टीम व लोग।

    HighLights

    1. टिप्पर ने सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक को टक्कर मारी।

    2. ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था।

    3. एसएसएफ टीम ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

    जागरण संवाददाता, बटाला। अमृतसर-जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को बटाला के निकट गांव गिल्लांवाली के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे रेत से भरे एक तेज रफ्तार टिप्पर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

    सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक खराब होने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। चालक और अन्य कर्मचारी ट्रक का टायर बदल रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत ट्रक से करीब 50 मीटर पीछे आने वाले वाहनों को सतर्क करने के लिए एक टायर भी रखा गया था, ताकि दूर से ही वाहन चालक सावधानी बरत सकें।

    यह भी पढ़ें- पंजाब नगर निकाय चुनाव में AAP का दबदबा, 95 में से 56 वार्डों पर कब्जा कर विपक्ष को पछाड़ा

    batala truck accident

    एक्सीडेंट के बाद पलटा टिप्पर।

    केबिन पूरी तरह से पिचका

    इसी दौरान पठानकोट की ओर से रेत लेकर आ रहा एक टिप्पर तेज गति से वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि टिप्पर चालक ने पहले सड़क पर रखे चेतावनी वाले टायर को पार किया और उसके बाद वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित टिप्पर सीधे खराब खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। टक्कर का असर इतना अधिक था कि ट्रक का केबिन बुरी तरह दब गया और चालक उसमें फंस गया।

    स्थानीय लोग भी मदद के लिए लाए

    हादसे की सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार चालक का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- रील बनाने की सनक पड़ी भारी, लुधियाना में लर्निंग लाइसेंस पर कार चला रहे युवक ने 2 महिलाओं को कुचला; 1 की मौत

    ट्रक का टायर बदल रहा था चालक

    खराब ट्रक के मालिक ने बताया कि वे सड़क किनारे ट्रक का टायर बदल रहे थे और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सावधानियां अपनाई गई थीं। इसके बावजूद पीछे से आए तेज रफ्तार टिप्पर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह गंभीर हादसा हो गया।

    घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों वाहनों की स्थिति का जायजा लेने के साथ आसपास मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए हैं। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- घरेलू विवाद सुलझाने गई पुलिस पर टूट पड़ा नशेड़ी, तरनतारन के सोहल गांव में फाड़ी ASI की वर्दी