विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM मान ने 800 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, 69,094 को मिल चुका रोजगार; नीट पास करने वालों की संख्या 11 गुना बढ़ी

Published: Sat, 08 Aug 2026 02:31 PM (IST)

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 800 से अधिक नियुक्तियों के नियुक्ति पत्र बांटे। सरकार के अनुसार अब तक 69,094 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है, जबकि नीट परिणाम भी सुधरे हैं।

युवाओं से बातचीत करते हुए सीएम भगवंत मान व साथ हैं मोहिंदर भगत व डॉ. बलबीर सिंह।

युवाओं से बातचीत करते हुए सीएम भगवंत मान व साथ हैं मोहिंदर भगत व डॉ. बलबीर सिंह।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री मान ने मोहाली में 800 नियुक्ति पत्र बांटे।

  2. सरकार ने अब तक 69,094 युवाओं को नौकरी दी।

  3. पंजाब शिक्षा में देश में पहले स्थान पर पहुंचा।

जागरण संवाददाता, मोहाली। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को विकास भवन मोहाली में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से विभिन्न विभागों में एक दिन में 800 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार बनने के बाद अब तक 69,094 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सबसे अधिक 636 नियुक्तियां की गई हैं। इनमें 616 स्टाफ नर्स शामिल हैं। इसके अलावा शुगरफेड में 101, वित्त विभाग में 72, डिफेंस सर्विसेज विभाग में 57 और सहकारिता विभाग में 11 नियुक्तियां की गई हैं। गृह विभाग में 10 ला अफसरों की भर्ती की गई है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद कर्मचारियों ने सरकार का आभार जताया।

यह भी पढ़ें- पंजाब में एक्शन मोड में पुलिस, 200 दिनों में 990 हथियार और 774 किलो हेरोइन जब्त; टूटी अपराध की कमर

स्वास्थ्य विभाग में सबसे ज्यादा नियुक्तियां

समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को योग्यता और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के आधार पर रोजगार उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी कड़ी में एक दिन में 800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग में 636 नियुक्तियां किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। इनमें 616 स्टाफ नर्स की नियुक्ति शामिल है। इसके अलावा अन्य विभागों में भी अलग-अलग पदों पर युवाओं को नौकरी दी गई है।

यह भी पढ़ें- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ढिल्लों पहुंचे लुधियाना, नई टीम से संगठन विस्तार पर मंथन; नाराज नेताओं से लेंगे फीडबैक

नीट पास करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी का दावा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई थी, उस समय पंजाब से करीब 80 विद्यार्थी ही नीट परीक्षा पास करते थे। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 882 हो गई है। मुख्यमंत्री ने इसे करीब 11 गुना वृद्धि बताया।

मान ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनका दावा है कि इन प्रयासों का असर विद्यार्थियों के परिणामों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बन चुका है।

शिक्षा में पंजाब को पहला स्थान मिलने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बनने के समय पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश में 27वें स्थान पर था। अब पंजाब ने केरल को पीछे छोड़ते हुए शिक्षा के क्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने इसे सरकार की शिक्षा नीतियों और शिक्षकों की मेहनत का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल युवाओं को सरकारी नौकरी देना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने नियुक्त किए गए कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं निभाने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में पुरानी रंजिश का खूनी खेल, कार में बैठे युवक पर पांच गोलियां बरसाकर हत्या; CCTV में कैद घटना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।