पंजाब की 'मेरी रसोई' योजना ने पार किया 25 लाख राशन किट का आंकड़ा, जानिए किन जिलों को सबसे ज्यादा लाभ
पंजाब सरकार की 'मेरी रसोई' योजना के तहत 25.03 लाख पात्र परिवारों को राशन किट वितरित की जा चुकी हैं। योजना के तहत प्रत्येक तिमाही में 40.48 लाख परिवारो ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
25.03 लाख परिवारों को मिली 'मेरी रसोई' राशन किट।
मार्कफैड द्वारा तैयार, दाल, चीनी, तेल सहित पौष्टिक सामग्री।
लुधियाना, पटियाला, बठिंडा में सबसे अधिक किट वितरित।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब सरकार की 'मेरी रसोई' योजना के तहत मुफ्त राशन किट वितरण अभियान ने बड़ा पड़ाव पार कर लिया है। राज्य में अब तक 25.03 लाख पात्र परिवारों तक राशन किट पहुंचाई जा चुकी हैं। सरकार का दावा है कि अभियान मिशन मोड में लगातार जारी है और प्रत्येक पात्र परिवार तक समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क की निगरानी में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को गेहूं के अलावा आवश्यक खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को संतुलित और पौष्टिक भोजन मिल सके।
सरकार के अनुसार, राज्य में इस योजना के तहत 40.48 लाख पात्र परिवारों को प्रत्येक तिमाही में राशन किट उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जिलों में लगातार वितरण अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में SIR अभियान के लिए शनिवार-रविवार स्कूल रहेंगे खुले, शिक्षकों की छुट्टी नहीं; सरकार ने जारी किए निर्देश
मार्कफैड को सौंपी गई वितरण की जिम्मेदारी
योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को गेहूं के अतिरिक्त दो किलोग्राम दाल, दो किलोग्राम चीनी, एक किलोग्राम नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का कहना है कि इन खाद्य वस्तुओं को शामिल करने का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों के भोजन को अधिक पौष्टिक और संतुलित बनाना है।
खबरें और भी
राशन किट तैयार करने की जिम्मेदारी मार्कफैड को सौंपी गई है। सभी किट निर्धारित मानकों के अनुसार तैयार की जा रही हैं और उन्हें जिला स्तर पर संबंधित एजेंसियों के माध्यम से लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है।
लुधियाना में बांटी गई सबसे अधिक किट
जिलावार वितरण के आंकड़ों पर नजर डालें तो लुधियाना सबसे आगे है, जहां अब तक 2.71 लाख से अधिक राशन किट वितरित की जा चुकी हैं। दूसरे स्थान पर पटियाला है, जहां 1.83 लाख से अधिक परिवारों को किट मिली हैं। बठिंडा में 1.52 लाख राशन किट वितरण के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद अमृतसर, संगरूर और फाजिल्का का स्थान आता है, जहां भी बड़ी संख्या में पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल चुका है।
यह भी पढ़ें- कनाडा में दोस्ती के लिए दो पंजाबियों की गई जान, अब दोस्त शव भारत भेजने के लिए जुटा रहे फंड; टारगेट $40 हजार
सरकार लगातार रख रही निगरानी
मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि सरकार पूरी वितरण प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राशन किट समय पर लाभार्थियों तक पहुंचे और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित समीक्षा भी की जा रही है।
सरकार का कहना है कि आने वाले समय में शेष पात्र परिवारों तक भी राशन किट पहुंचाने की प्रक्रिया तेज की जाएगी, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा हो सके। 'मेरी रसोई' योजना को राज्य सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मान रही है।