बंदी सिखों की रिहाई के लिए 21 अगस्त को पंजाब बंद, कौमी इंसाफ मोर्चा को मिला SGPC का समर्थन
कौमी इंसाफ मोर्चा ने बंदी सिखों की रिहाई के लिए 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया है, जिसे एसजीपीसी और अकाली दल वारिस पंजाब दे का समर्थन मिला है।
-1787181184192_m.webp)
कौमी इंसाफ मोर्चा का 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान। फाइल फोटो
HighLights
कौमी इंसाफ मोर्चा ने 21 अगस्त को पंजाब बंद बुलाया।
बंदी सिखों की रिहाई के लिए यह आह्वान किया गया।
एसजीपीसी और अकाली दल वारिस पंजाब दे ने समर्थन दिया।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। बंदी सिखों की रिहाई के लिए मोहाली में प्रदर्शन कर रहे कौमी इंसाफ मोर्चा ने 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया है। इस बंद का शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी), अकाली दल वारिस पंजाब दे ने समर्थन किया है।
एसजीपीसी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा है कि 21 अगस्त को एसजीपीसी के मुख्य कार्यालय सहित सभी संस्थान बंद रहेंगे। धामी ने कहा कि एसजीपीसी की अंतरिम कमेटी की बैठक पहले 21 अगस्त को निर्धारित थी, जिसे अब बदलकर 22 अगस्त को सुबह 11 बजे कर दिया गया है।
पुलिस ने चंडीगढ़ में प्रदर्शन को किया था विफल
उल्लेखनीय है कि मोर्चा की ओर से 15 अगस्त को अपनी मांगों को लेकर चंडीगढ़ में राज्यपाल के निवास का घेराव करने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया था।
पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अलग-अलग धाराओं में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रधान सिमनरजीत सिंह मान और लक्खा सिधाना सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया। यही नहीं, मान के बेटे ईमान सिंह मान सहित 21 लोगों को गिरफ्तार भी किया।
पुलिसकर्मी पर किया हमला
बता दें कि बंदी सिखों की रिहाई समेत अन्य मांगों को लेकर 15 अगस्त को कौमी इंसाफ मोर्चा के चंडीगढ़ कूच के एलान के बाद शनिवार को मोहाली में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया था। वाईपीएस चौक के पास प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर पुलिस ने पहले बैरिकेडिंग के जरिए उन्हें रोकने का प्रयास किया था। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने दो लेयर की बेरिकेडिंग तोड़ दी थी।
चंडीगढ़ एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि प्रदर्शनकारी जब आगे बढ़ते रहे तो हमने हल्के बल का प्रयोग किया, जिससे किसी को गंभीर चोट न लगे। हमने उनको रोकने की कोशिश की। कई प्रदर्शनकारियों को हमने हिरासत में लिया है। झड़प में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, उनका मेडिकल कराया जा रहा है।
