'पंजाब की शांति-सुरक्षा के लिए खतरा', सुखबीर बादल पर हमले की रवनीत बिट्टू ने की निंदा
पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने नांदेड़ में सुखबीर बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस कायराना हमले को पंजाब की शांति के लिए खतरा बताया।
-1786617208120_m.webp)
सुखबीर बादल पर हमला करने वाले दोषियों पर हो कार्रवाई: रवनीत बिट्टू
HighLights
रवनीत बिट्टू ने सुखबीर बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की
इसे पंजाब की शांति और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा बताया
दोषियों को बेनकाब कर सुरक्षा चूक की जवाबदेही तय करने की मांग
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की है।
महाराष्ट्र के नादेड़ में हुए हमले को लेकर बिट्टू ने कहा कि यह कायराना हमला पंजाब की शांति और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है। पवित्र धार्मिक स्थलों पर हिंसा और भय का कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने ने कहा कि हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों को बेनकाब कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए। साथ ही सुरक्षा में हुई चूक के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिख धर्म सेवा, साहस और शांति का संदेश देता है, हिंसा का नहीं।
गुरु की शरण में आए व्यक्ति पर हमला निंदनीय: सुखजिंदर सिंह रंधावा
वहीं, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि गुरु की शरण में आए किसी भी व्यक्ति पर हमला करना बेहद निंदनीय और अस्वीकार्य है।
गुरु का घर शांति, सहनशीलता और पूरी मानवता की भलाई का संदेश देता है। ऐसे पवित्र स्थल से जुड़े स्थान पर हिंसा के लिए कोई जगह नहीं हो सकती।
रंधावा ने कहा कि वह सरदार सुखबीर सिंह बादल के जल्द स्वस्थ होने और उनके मनोबल के ऊंचा रहने के लिए वाहेगुरु जी से प्रार्थना करते हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल पर नांदेड़ में कृपाण से हमला, बचाने की कोशिश में PSO भी घायल
गुरुद्वारा साहिब की पवित्रता से समझौता नहीं हो सकता: परविंदर सिंह बराड़
वहीं, भाजपा नेता परविंदर सिंह बराड़ ने भी सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिब की पवित्रता को किसी भी तरह की हिंसा से प्रभावित नहीं होने दिया जा सकता। पंजाब में राजनीति, व्यक्तिगत मतभेद या किसी अन्य कारण को हिंसा का बहाना नहीं बनने दिया जा सकता।
बराड़ ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही सुरक्षा में हुई हर चूक की गहन जांच की जानी चाहिए। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के अच्छे स्वास्थ्य और चढ़दी कला के लिए वाहेगुरु से प्रार्थना की।

