Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फतेहगढ़ साहिब में भीषण हादसा: धुंध के कारण रोड पर खड़े टिप्पर से एक के बाद एक टकराए कई वाहन, 6 लोग घायल

    Updated: Sun, 22 Feb 2026 04:00 AM (IST)

    फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद नेशनल हाईवे पर तरखान माजरा गांव के पास घनी धुंध के कारण सुबह करीब 7:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। एक खड़े टिप्पर से स्कॉर्पियो ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सरहिंद हाईवे पर घनी धुंध में हुआ बड़ा हादसा।

    2. खड़े टिप्पर से टकराने के बाद छह से अधिक वाहन भिड़े।

    3. छह से ज्यादा लोग घायल, यातायात हुआ बाधित।

    संवाद सहयोगी, जागरण फतेहगढ़ साहिब। सरहिंद नेशनल हाईवे पर गांव तरखान माजरा के नजदीक घनी धुंध के बीच जीटी रोड मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 7:30 बजे एक के पीछे एक वाहन टकरा गए। इसमें छह से अधिक लोग घायल हुए। उन्हें हालांकि उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

    सुबह गांव तरखान माजरा के नजदीक मुख्य मार्ग पर एक टिप्पर खड़ा था। इस दौरान सरहिंद से लुधियाना की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी धुंध के दौरान टिप्पर के पीछे जा टकराई। इसके तुरंत बाद कार के पीछे आ रहे एक दूसरे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। फिर एक के बाद एक तीन कारें पीछे टकराती चली गईं। इससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

    हादसे के बाद सड़क जाम हो गई तथा यातायात ठप हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सडक़ सुरक्षा फोर्स के कर्मी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड़ में करके यातायात चालू करवाया।

    मौके पर पहुंचे थाना सरहिंद के एएसआइ जसमेर सिंह ने बताया कि हादसा घनी धुंध के बीच हुआ था तथा पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

    धुंध में हादसों से बचने को लेकर डीएसपी ट्रैफिक इंद्रपीत सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि धुंध के दौरान अपने वाहन धीमी गति पर चलाएं। एक दूसरे के पीछे चल रहे वाहन उतनी दूरी जरूर रखें कि कभी भी ब्रेक लगाकर वाहन को आसानी से रोका जा सके।

    खबरें और भी

    गाड़ियों में धुंध में दिखाई देने के लिए पीली लाइट का इस्तेमाल करें। मोबाइल फोन का तो कतई इस्तेमाल न करें। अगर हादसा हो जाए तो तुरंत अपने वाहन से निकल दूर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं तथा दूसरे वाहन चालकों को अलर्ट करते रहें ताकि वे भी हादसे का शिखार न हो सकें।

    यह भी पढ़ें- डेढ़ साल में गौ तस्करी के चार मामले; सप्लाई चेन तोड़ने में नाकाम पुलिस पर उठ रहे सवाल