Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फतेहगढ़ साहिब में लड़की को लेकर छात्र की हत्या, बाइक गिरते ही 9-10 युवकों ने लाठी-डंडों से पीटा; दोस्त भी घायल

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 02:58 PM (IST)

    फतेहगढ़ साहिब में लड़की को लेकर पुरानी रंजिश में 18 वर्षीय छात्र की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने 9-10 युवकों पर केस दर्ज किया। ...और पढ़ें

    घटनास्थल पर पुलिस टीम जांच करते हुए।

    घटनास्थल पर पुलिस टीम जांच करते हुए।

    HighLights

    1. लड़की को लेकर पुरानी रंजिश में छात्र की हत्या।

    2. हमलावरों ने बाइक गिराकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।

    3. 9-10 युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज, तलाश जारी।

    नवनीत छिब्बर, फतेहगढ़ साहिब। युवकों के दो गुटों के बीच लड़की को लेकर शुरू हुई पुरानी रंजिश ने शुक्रवार रात खूनी रूप ले लिया। 18 वर्षीय बीए द्वितीय वर्ष के छात्र अंकुश की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसका पीछा कर पहले चलती बाइक पर डंडे से वार किया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

    इसके बाद जमीन पर गिरे अंकुश को घेरकर आरोपितों ने बेरहमी से पीटा। घटना में उसके साथ बाइक पर सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया है।

    पुलिस ने मृतक की मां के बयानों और उसके दोस्त की शिकायत के आधार पर 9-10 युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। फोरेंसिक टीम ने शनिवार को घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।

    यह भी पढ़ें- CM मान ने 800 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, 69,094 को मिल चुका रोजगार; नीट पास करने वालों की संख्या 11 गुना बढ़ी

    fatehgarh

    मृतक युवक की फाइल फोटो।

    शाम को पार्क में हुई थी कहासुनी

    मृतक की मां राधा के अनुसार अंकुश का तलानिया निवासी विशाल और साहिल के साथ लड़की को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी झगड़ा हो चुका था। उस समय परिवारों ने बीच-बचाव कर समझौता करवा दिया था।

    मृतक के दोस्त अनमोल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे अंकुश अपने दोस्तों अनमोल, गुरमन और अर्श के साथ चोए वाले पार्क में खड़ा था। इसी दौरान विशाल और साहिल वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पुरानी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। वहां मौजूद युवकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया।

    खबरें और भी

    इसके बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। शाम करीब छह बजे तलानिया निवासी अमन ने अनमोल को फोन कर धमकी दी। इसके बाद अंकुश ने अनमोल को अनाज मंडी बुलाया। अनमोल मंडोफल निवासी साहिल, जश्नदीप और ब्राह्मण माजरा निवासी इमरान के साथ मंडी पहुंचा। अंकुश वहां पहले से सानिपुर निवासी गुरमन, मनप्रीत और एक अन्य युवक के साथ मौजूद था। अनमोल ने अंकुश को समझाया और सभी वहां से निकल गए।

    रात में पीछा कर बाइक पर किया हमला

    रात करीब साढ़े आठ बजे अनमोल, अंकुश, मनप्रीत और एक अन्य युवक दो बाइकों पर सवार होकर जा रहे थे। जब वे सिविल अस्पताल के पास पहुंचे तो विशाल, अमन और साहिल अपने 9-10 साथियों के साथ वहां आ गए। सभी ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और उनके हाथों में लाठी-डंडे थे।

    हमलावरों को देखकर अंकुश और उसके साथियों ने बाइक डेरा मीर मीरां रोड की तरफ भगा दी। आरोपितों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। गांव हरलालपुर के पास पीछा कर रहे अमन ने चलती बाइक पर अंकुश के चेहरे पर डंडे से वार कर दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।

    यह भी पढ़ें- पंजाब में एक्शन मोड में पुलिस, 200 दिनों में 990 हथियार और 774 किलो हेरोइन जब्त; टूटी अपराध की कमर

    जमीन पर गिरते ही टूट पड़े हमलावर

    बाइक के पेड़ से टकराने के बाद अंकुश जमीन पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद पीछा कर रहे सभी युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। अनमोल और मनप्रीत ने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। शोर सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आते देख हमलावर बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए।

    इसके बाद दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने अंकुश को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया।

    दोपहर को दही लेने निकला था बेटा, रात में मिली मौत की खबर

    अंकुश की मां राधा का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा दोपहर करीब तीन बजे दही लेने के लिए घर से निकला था। रात में फोन आया कि उसे चोट लगी है और अस्पताल आने के लिए कहा गया। जब वह अस्पताल पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि उनके बेटे की हत्या कर दी गई है।

    अंकुश श्री गुरु ग्रंथ साहिब विश्वविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

    मुख्य आरोपित पहले भी जा चुका है जेल

    पुलिस जांच में सामने आया है कि मामले का मुख्य आरोपित अमन कुछ दिन पहले ही खन्ना पुलिस द्वारा मारपीट और गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक मामले और अंकुश के साथ चल रही रंजिश को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

    फोरेंसिक टीम ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

    यह भी पढ़ें- पंजाब सरकार ने जगाई भक्ति की अलख, मोहाली से शुरू हुई 'हमारे राम' की सांस्कृतिक यात्रा; 12 शहरों में होगा मंचन