विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वतंत्रता दिवस से पहले फिरोजपुर जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली करवाया; शुरू हुई सघन जांच

Published: Wed, 12 Aug 2026 11:20 AM (IST)

स्वतंत्रता दिवस से पहले फिरोजपुर जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने परिसर खाली कराया और बम निरोधक दस्ते ने सघन जांच शुरू की।

फिरोजपुर कोर्ट परिसर के अंदर जांच करते हुए पुलिस व डॉग स्क्वायड।

फिरोजपुर कोर्ट परिसर के अंदर जांच करते हुए पुलिस व डॉग स्क्वायड।

HighLights

  1. फिरोजपुर जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली।

  2. स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप, परिसर खाली।

  3. बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने तलाशी अभियान चलाया।

जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले फिरोजपुर जिला अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे न्यायालय परिसर को खाली करवा दिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग् स्क्वायड ने परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस ने न्यायालय भवन के अंदर मौजूद लोगों के साथ ही आसपास के क्षेत्र को भी खाली कराया। सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी व्यक्ति को परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। बम निरोधक दस्ते ने न्यायालय परिसर के अलग-अलग हिस्सों, कमरों और आसपास के स्थानों की जांच की। वहीं श्वान दल की मदद से भी संदिग्ध वस्तुओं और स्थानों की पड़ताल की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पहले ही पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। ऐसे में अदालत परिसर को धमकी मिलने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं।

यह भी पढ़ें- पंजाब को वीबी-जी राम जी योजना के तहत मिले 13320000000, पहली किस्त में केंद्र ने जारी किए 440 करोड़ रुपये

firozpur court

कोर्ट परिसर के बाहर खड़े वकील। 

दोपहर एक बजे तक न्यायालय का कामकाज बंद

धमकी के बाद न्यायालय की कार्यवाही दोपहर एक बजे तक बंद रखी गई है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद परिस्थितियों का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद ही न्यायालय का कामकाज दोबारा शुरू करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा। परिसर में तैनात पुलिसकर्मी आने-जाने वाले रास्तों पर भी नजर रख रहे हैं।

यह भी पढ़ें- भज्जी का पोस्ट किया नशेड़ियों का वीडियो राजस्थान का निकला, AAP ने लगाया पंजाब को बदनाम करने का आरोप

इस साल तीसरी बार मिली धमकी

गौरतलब है कि फिरोजपुर जिला अदालत को इस वर्ष बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह तीसरा मामला बताया जा रहा है। लगातार सामने आ रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों की ओर से धमकी किस माध्यम से और कहां से भेजी गई, इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। धमकी के स्रोत का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- महेन्द्रगढ़ अवैध खनन: संदिग्ध याचिका पर हाई कोर्ट का कड़ा रुख, फर्जीवाड़ा जांचने CBI को सौंपे आदेश