बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष जिले का सफलता प्रतिशत 95.36 फीसदी दर्ज किया गया। जिले में कुल 19 हजार 417 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 18 हजार 517 विद्यार्थी सफल रहे। पिछले वर्ष जिले का सफलता प्रतिशत 95.84 फीसदी था। उस समय 20 हजार 886 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी और 20 हजार 17 विद्यार्थी सफल हुए थे। इस तरह इस बार सफलता प्रतिशत में करीब 0.48 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि जिले के लिए राहत की बात यह रही कि राज्य मेरिट सूची में 11 विद्यार्थियों ने जगह बनाई। इनमें 10 छात्राएं और केवल एक छात्र शामिल रहा। इससे एक बार फिर यह साबित हुआ कि बेटियां पढ़ाई में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- आगामी चुनावों को लेकर सीएम मान ने किए ऐलान, बोले- छोटा अमेरिका नहीं बनाएंगे पंजाब, दिल्ली दौरे में उठाए मुद्दे
नवरूप ने पाया पहला स्थान
श्री गुरु नानक देव वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंडियाला, बटाला की छात्रा नवरूप कौर ने 496 अंक लेकर जिले में पहला स्थान हासिल किया। वहीं एचएसडी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गीता भवन रोड गुरदासपुर की अमितोज ने 492 अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर शहीद मेजर भगत सिंह सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय काला नंगल की जसलीन कौर रही, जिसने 489 अंक हासिल किए।
जिले में पहला स्थान प्राप्त करने वाली नवरूप कौर के पिता सुच्चा सिंह बिजली विभाग में कार्यरत हैं, जबकि माता धर्मजीत कौर गृहिणी हैं। नवरूप ने बताया कि वह आगे चलकर नर्स बनना चाहती है ताकि मरीजों की सेवा कर सके। खास बात यह रही कि उसने बिना किसी ट्यूशन के यह सफलता हासिल की। वह रोजाना सात से आठ घंटे पढ़ाई करती थी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली पहुंचे सीएम ने दिलजीत दोसांझ के बयान पर BJP को घेरा, बोले- डराने की राजनीति नहीं करनी चाहिए
अध्यापक की बेटी रही दूसरे स्थान पर
दूसरे स्थान पर रहने वाली अमितोज के पिता मनजीत सिंह और माता मनजीत अध्यापक हैं। अमितोज ने मेडिकल विषय से परीक्षा पास की है और उसका सपना डाक्टर बनना है। उसने बताया कि वह रोज करीब नौ घंटे पढ़ाई करती रही। उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और अध्यापकों को दिया।
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि हालांकि जिले की रैंकिंग और सफलता प्रतिशत में गिरावट चिंता का विषय है, लेकिन मेरिट सूची में बड़ी संख्या में छात्राओं का स्थान बनाना सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। विद्यालयों में सफल विद्यार्थियों का सम्मान किया गया और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई।