PSEB 12वीं में आंगनवाड़ी कर्मी की बेटी बनी पंजाब टॉपर, पाए 100% अंक; बनना चाहती है वायुसेना में पायलट
मानसा जिले की सुपनीत कौर ने पंजाब बोर्ड बारहवीं परीक्षा में 500 में 500 अंक हासिल किए। राष्ट्रीय स्तर की फेंसिंग स्वर्ण पदक विजेता सुपनीत अब वायुसेना ...और पढ़ें

सुपनीत कौर व उनके माता पिता को मिठाई और बुक्का देकर सम्मानित स्कूल कमेटी चेयरमैन हरप्रीत सिंह पुरबा व अन्य।
HighLights
सुपनीत कौर ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500/500 अंक प्राप्त किए।
वह राष्ट्रीय स्तर की फेंसिंग खिलाड़ी और वायुसेना पायलट बनना चाहती है।
मेहनत और अनुशासन से हासिल की यह बड़ी सफलता।
संवाद सहयोगी, मानसा। मानसा जिले के गांव उभ्भा की रहने वाली सुपनीत कौर ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में पूरे अंक हासिल कर जिले और परिवार का नाम रोशन किया है। गुरुकुल पब्लिक एकेडमी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा सुपनीत कौर ने 500 में से 500 अंक प्राप्त कर पंजाब में अव्वल स्थान हासिल किया।
जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ और सुपनीत के टॉपर बनने की खबर सामने आई, उसके घर और विद्यालय में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। विद्यालय प्रबंधन ने भी सुपनीत कौर और उसके परिवार को विद्यालय में बुलाकर विशेष सम्मान किया।
यह भी पढ़ें- मोगा में AAP को झटका, पूर्व मेयर बलजीत सिंह चानी कांग्रेस में शामिल हुए, मालविका ने करवाई पार्टी जॉइन
फेंसिंग में है गोल्ड मेडलिस्ट
सुपनीत कौर विज्ञान स्ट्रीम की छात्रा है और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। वह फेंसिंग प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीत चुकी है। सुपनीत का सपना आगे चलकर भारतीय वायुसेना में शामिल होकर पायलट बनने का है।
सुपनीत के पिता राज सिंह एक निजी विद्यालय में अध्यापक हैं, जबकि माता परमिंदर कौर आंगनवाड़ी कर्मी हैं। साधारण परिवार से आने वाली सुपनीत ने अपनी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह बड़ी सफलता हासिल की है।
बातचीत के दौरान सुपनीत कौर ने बताया कि उसकी सफलता के पीछे विद्यालय के अध्यापकों और परिवार का बड़ा योगदान है। उसने कहा कि अध्यापकों द्वारा दिए गए कार्य को समय पर पूरा करना और नियमित पढ़ाई करना उसकी आदत रही है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- अमृतसर 532 किलो हेरोइन मामले का मुख्य आरोपी शेरा अरेस्ट, पुर्तगाल से पकड़ भारत लौटी NIA
मोबाइल का इस्तेमाल सिर्फ पढ़ाई में हो
सुपनीत ने बताया कि उसने मोबाइल का इस्तेमाल केवल पढ़ाई के लिए किया और सामाजिक माध्यमों से दूरी बनाए रखी। उसका कहना है कि समय का सही उपयोग और लगातार मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। विद्यालय के अध्यापकों ने बताया कि सुपनीत शुरू से ही पढ़ाई और खेल दोनों में आगे रही है। वह हमेशा अनुशासित और मेहनती छात्रा के रूप में जानी जाती रही है।
सुपनीत की इस उपलब्धि से पूरे मानसा जिले में खुशी का माहौल है। गांव के लोगों का कहना है कि सुपनीत ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।