स्पेन भेजने का सपना दिखाकर ठगे 12 लाख 80 हजार, गुरदासपुर में झांसा देने वाले एजेंटों पर केस दर्ज
विदेश जाकर रोजगार कमाने का सपना देखने वाले युवक से स्पेन भेजने के नाम पर 12 लाख 80 हजार रुपये ठग लिए गए। पैसे लेने के बाद आरोपितों ने न विदेश भेजा और ...और पढ़ें

एजेंटों पर मामला दर्ज।
HighLights
स्पेन भेजने का झांसा देकर 12.80 लाख की ठगी।
गुरदासपुर पुलिस ने दो आरोपियों पर मामला दर्ज किया।
आरोपी अमृतसर निवासी मुनीष और आनंददीप सिंह हैं।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गुरदासपुर के अंतर्गत आते थाना तिब्बड़ की पुलिस ने स्पेन भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर उससे 12 लाख 80 हजार रुपये लिए गए, लेकिन उसे विदेश नहीं भेजा गया।
जानकारी के अनुसार तिब्बड़ निवासी मनजिंदर सिंह विदेश जाकर आजीविका कमाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात कुछ लोगों से हुई, जिन्होंने उसे स्पेन भेजने और वहां काम दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने खुद को भरोसेमंद बताकर उससे किस्तों में बड़ी रकम ले ली।
यह भी पढ़ें- सर्टिफिकेट लेने स्कूल गई 20 वर्षीय युवती लापता, विवाह का झांसा देकर भगाने के आरोप में युवक पर मामला दर्ज
आरोपितों ने दिया जल्द विदेश भेजने का वादा
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपितों ने जल्द वीजा लगवाने और विदेश भेजने का वादा किया था। इसी भरोसे में उसने अपनी मेहनत की कमाई और उधार लेकर जुटाए पैसे आरोपितों को दे दिए। लेकिन समय बीतने के बावजूद न तो कोई वीजा प्रक्रिया पूरी हुई और न ही उसे विदेश भेजा गया।
मनजिंदर सिंह ने बताया कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपित लगातार टालमटोल करते रहे। बाद में उन्होंने फोन उठाने भी बंद कर दिए। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- जालंधर में प्रशासन से चालाकी पड़ी भारी! नशा तस्कर ने दोबारा खड़ा कर लिया था आशियाना, नगर निगम ने फिर चलाया पीला पंजा
पुलिस ने मामला दर्ज किया
जांच के बाद थाना तिब्बड़ पुलिस ने अमृतसर में मोहनी पार्क निवासी मुनीष कुमार और मजीठा रोड स्थित दशमेश एवेन्यू निवासी आनंददीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपितों की भूमिका की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपितों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी तो नहीं की। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में और शिकायतें सामने आती हैं तो मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।