विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चलती स्कूटी बनी आग का गोला, होशियारपुर के दसूहा में सवार ने कूदकर बचाई जान; समय रहते टला हादसा

By Ravneesh UppalEdited By: Anuj Sharma
Published: Thu, 03 Sep 2026 12:33 PM (IST)

दसूहा के ऊंची बसी में चलती स्कूटी में अचानक आग लग गई। सवार ने समय रहते स्कूटी रोककर कूदकर जान बचाई। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

HighLights

  1. दसूहा में चलती स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप।

  2. सवार अरुण कुमार ने सूझबूझ से कूदकर अपनी जान बचाई।

  3. आग लगने का कारण अज्ञात, तकनीकी खराबी की आशंका।

रवनीश उप्पल, दसूहा (होशियारपुर)। होशियारपुर के दसूहा के नजदीक ऊंची बसी में वीरवार सुबह करीब सवा दस बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर चल रही एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी से धुआं निकलते ही सवार अरुण कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन सड़क किनारे रोक दिया और उससे दूर हट गया। इससे उसकी जान बच गई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार गांव लमीन निवासी अरुण कुमार दसूहा में एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है। वह वीरवार सुबह स्कूटी से काम के लिए जा रहा था। ऊंची बसी के पास पहुंचते ही अचानक उसकी स्कूटी से धुआं निकलने लगा। वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही स्कूटी में आग भड़क उठी।

आग लगते ही अरुण कुमार ने तुरंत स्कूटी रोक दी और उससे कूदकर दूर चला गया। देखते ही देखते आग ने स्कूटी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर स्कूटी में आग लगी देखकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें- पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल चंडीगढ़ कोर्ट में पेश, कोटकपूरा गोलीकांड में लगाई हाजिरी

अचानक आग लगने से सहमा सवार

अरुण कुमार ने बताया कि स्कूटी सामान्य रूप से चल रही थी और उसमें किसी तरह की बड़ी खराबी महसूस नहीं हुई थी। अचानक धुआं निकलने के बाद आग भड़कने से वह भी हैरान रह गया। समय रहते वाहन से अलग होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा रही कि आखिर चलती स्कूटी में अचानक आग कैसे लगी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तारों में खराबी या वाहन के किसी तकनीकी हिस्से में दिक्कत को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- जालंधर में भोतू गैंग का कहर, टायर में सूआ मारकर पंचर किया; व्यापारी की कार से दस लाख का बैग ले उड़े

बाल-बाल बची सवार की जान

जिस समय स्कूटी में आग लगी, उस समय अरुण कुमार ने बिना देर किए खुद को वाहन से अलग कर लिया। यदि आग का पता चलने में कुछ और समय लगता तो हादसा गंभीर हो सकता था। घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से समय-समय पर स्कूटी की सर्विस, तारों और अन्य तकनीकी हिस्सों की जांच करवाने की अपील की है। फिलहाल घटना में किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में नशे का हिसाब जुटा रही सरकार, 55 लाख परिवारों तक पहुंचा सर्वे; AI ने 7.24 एंट्रिज जांच के लिए भेजीं