17 जुलाई तक पूरा होगा जालंधर स्टेशन का निर्माण, प्रधानमंत्री करेंगे उद्घाटन; बिट्टू पहुंचे दौरा करने
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माणाधीन स्टेशनों का काम 17 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद प्रधानमंत्री एक साथ सभी स्टेशनों का उद् ...और पढ़ें

जालंधर दौरे पर पहुंचे रवनीत बिट्टू।
HighLights
जालंधर स्टेशन का निर्माण 17 जुलाई तक होगा पूरा।
प्रधानमंत्री करेंगे अमृत भारत स्टेशनों का एक साथ उद्घाटन।
98.89 करोड़ रुपये से हो रहा आधुनिक सुविधाओं का विकास।
जागरण संवाददाता, जालंधर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशनों का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि राज्य के जिन स्टेशनों का निर्माण चल रहा है, उन्हें 17 जुलाई तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रधानमंत्री के हाथों एक साथ सभी तैयार स्टेशनों का उद्घाटन कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री के दौरे की अंतिम तिथि अभी तय नहीं हुई है और कार्यक्रम में बदलाव की भी संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी पंजाब आएंगे, उन्हीं के हाथों इन स्टेशनों का लोकार्पण कराया जाएगा। फिलहाल उद्घाटन की तैयारियों के साथ-साथ निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
98 करोड़ से हो रहा निर्माण
रेल राज्य मंत्री ने बताया कि जालंधर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास करीब 98 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह परियोजना आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रवेश और निकास व्यवस्था, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, आकर्षक भवन और अन्य यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना अपने निर्धारित समय से लगभग दो वर्ष की देरी से पूरी हो रही है। निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से समयसीमा प्रभावित हुई, लेकिन अब अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और अंतिम चरण का काम तेजी से किया जा रहा है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- 328 पावन स्वरूप मामले में जांच तेज, SIT पहुंची गुरु ग्रंथ साहिब भवन; 3 घंटे तक खंगाले रिकाॅर्ड
2022 में किया गया था शिलान्यास
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री ने इस परियोजना का शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से किया था। इसके बाद स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य शुरू हुआ। अब निर्माण पूरा होने के करीब पहुंच चुका है और उद्घाटन की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं।
रेल मंत्रालय का उद्देश्य अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देना है। इसी कड़ी में पंजाब के कई रेलवे स्टेशनों का भी व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सभी स्टेशन उद्घाटन के लिए तैयार हो सकें।