विधानसभा चुनाव से पहले जालंधर नाॅर्थ में सियासी फेरबदल, आप का दामन छोड़ ढल्ल बंधू भाजपा में हुए शामिल
जालंधर नॉर्थ में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पूर्व हलका इंचार्ज दिनेश ढल्ल और पार्षद अमित ढल्ल भाजपा में शामिल हो गए।

ढल्ल बंधुओं को भाजपा जॉइन करवाते हुए पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल ढिल्लों व साथ हैं केडी भंडारी।
HighLights
आप के दिनेश ढल्ल और अमित ढल्ल भाजपा में शामिल।
जालंधर नार्थ में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका।
भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में लाभ की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर नाॅर्थ विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी को बुधवार को बड़ा झटका लगा। पार्टी के पूर्व हलका इंचार्ज दिनेश ढल्ल और उनके भाई व पार्षद अमित ढल्ल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने दोनों भाइयों को पार्टी में शामिल कराया। उनके भाजपा में जाने से नार्थ विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण बदलने की चर्चा शुरू हो गई है।
दिनेश ढल्ल को करीब डेढ़ महीने पहले ही आम आदमी पार्टी ने हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी से हटा दिया था। उनकी जगह मेयर वनीत धीर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद से ही दिनेश ढल्ल के पार्टी से अलग होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। बुधवार को भाजपा में शामिल होकर उन्होंने इन अटकलों को विराम दे दिया।
यह भी पढ़ें- पंजाब में BC प्रमाणपत्र के नियम बदले, अब आय के साथ माता-पिता की नौकरी-पद भी तय करेंगे पात्रता; जानें नए नियम
2022 में लड़ चुके चुनाव
दिनेश ढल्ल ने वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर जालंधर नाॅर्थ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले वह कांग्रेस में रह चुके हैं और नार्थ विधानसभा क्षेत्र से टिकट की मांग करते रहे हैं। टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने दो बार निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
उनके भाई अमित ढल्ल जालंधर नाॅर्थ के वार्ड नंबर 24 से लगातार तीसरी बार पार्षद चुने गए हैं। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद आम आदमी पार्टी के पास नार्थ क्षेत्र में एक पार्षद की संख्या भी कम हो गई है।
युवाओं में पकड़ का भाजपा को फायदा
राजनीतिक हलकों में ढल्ल बंधुओं के भाजपा में शामिल होने को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। दोनों भाइयों के साथ बड़ी संख्या में युवा जुड़े हुए बताए जाते हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका राजनीतिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के लिए इसे स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक झटका माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- ED विवाद में AAP का भाजपा पर हमला, अमन अरोड़ा-धालीवाल ने किए 5 दावे; बोले सबूत स्पष्ट नहीं तो कैसे हो FIR
भाजपा होगी नार्थ में मजबूत
दिनेश ढल्ल के लिए भाजपा में जाना राजनीतिक रूप से अहम कदम माना जा रहा है। कांग्रेस में मौजूदा विधायक बावा हेनरी के साथ उनके राजनीतिक मतभेदों की चर्चा लंबे समय से रही है। ऐसे में कांग्रेस में वापसी की संभावना कम मानी जा रही थी। भाजपा में शामिल होने के बाद अब नार्थ विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर नई राजनीतिक तस्वीर उभरने लगी है।
ढल्ल बंधुओं के भाजपा में जाने से आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच नाॅर्थ क्षेत्र में राजनीतिक मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है। आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि ढल्ल बंधुओं का भाजपा में शामिल होना चुनावी स्तर पर पार्टी को कितना लाभ पहुंचाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।