धोखाधड़ी मामले में जालंधर के डिप्स स्कूल के एमडी से पूछताछ; सुबह 5 बजे जलालाबाद पुलिस ने हिरासत में लिया
डिप्स स्कूल के प्रबंध निदेशक तरविंदर सिंह राजू को फाजिल्का पुलिस पूछताछ के लिए साथ ले गई। धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ...और पढ़ें

सुबह 5 बजे फाजिल्का पुलिस टीम जालंधर पहुंची। (फाइल फोटो)
HighLights
जालंधर के डिप्स स्कूल एमडी से पूछताछ।
फाजिल्का पुलिस ने धोखाधड़ी मामले में बुलाया।
अभी गिरफ्तारी नहीं, जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के जालंधर में डिप्स स्कूल के प्रबंध निदेशक तरविंदर सिंह राजू से पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे फाजिल्का पुलिस की टीम जालंधर पहुंची और उन्हें अपने साथ ले गई।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जलालाबाद क्षेत्र में दर्ज एक धोखाधड़ी के मामले के संबंध में की गई है। संबंधित प्राथमिकी के आधार पर पुलिस टीम ने यह कदम उठाया और राजू को पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तरविंदर सिंह राजू को गिरफ्तार नहीं किया गया है, बल्कि उनसे केवल पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- कपूरथला में वॉट्सऐप के जरिए ठगी, 4 लाख से अधिक का लगाया चूना; आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने अभी नहीं किया गिरफ्तार
इस मामले में जलालाबाद के पुलिस उपाधीक्षक ने जानकारी देते हुए कहा कि जांच के तहत कुछ तथ्यों को स्पष्ट करने के लिए राजू को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है और अभी तक किसी प्रकार की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार यदि जांच में कोई ठोस सबूत सामने आते हैं, तो कानून के अनुसार अगला कदम उठाया जाएगा।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद के होटल में 5 साल से चल रहा था देह व्यापार का धंधा, रोज बुलाई जाती थी लड़कियां; होटल मालिक अब भी फरार
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और संबंधित दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले में कोई भी निष्कर्ष निकालने से बच रही है और पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
इस घटनाक्रम के बाद शैक्षणिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए और आधिकारिक जानकारी का ही भरोसा किया जाए।