विदेशी नंबर से मिली धमकी, एक करोड़ की मांग; जालंधर के गोराया में कारोबारी परिवार को फिर बनाया गया निशाना
गोराया में एक नामी ज्वेलर्स से विदेशी नंबर से कॉल कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी ह ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
गोराया के डायमंड ज्वेलर्स से एक करोड़ की रंगदारी मांगी।
विदेशी नंबर से कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई।
यह कारोबारी परिवार दूसरी बार बना निशाना, पुलिस जांच में।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर जिले के गोराया कस्बे में रंगदारी मांगने का एक और मामला सामने आने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। इस बार बदमाशों ने शहर के एक नामी डायमंड ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए विदेशी नंबर से कॉल कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर जान से मारने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित कारोबारी ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीड़ित ज्वेलर्स के मोबाइल पर विदेशी सीरीज के नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक गैंग से जुड़ा सदस्य बताते हुए सीधे एक करोड़ रुपये की मांग रखी।
आरोपित ने कहा कि यदि तय रकम नहीं दी गई तो परिवार और कारोबार दोनों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ेगा। धमकी मिलने के बाद कारोबारी और उसके परिवार में दहशत फैल गई।
यह भी पढ़ें- पंजाब-यूपी चुनाव से पहले बड़ा अलर्ट, शाहजाद भट्टी नेटवर्क पर एनआईए की सख्ती; सांप्रदायिक साजिश का इनपुट
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गोराया पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही साइबर और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी जांच में लगाया गया है। कॉल डिटेल, मोबाइल नंबर, इंटरनेट प्रोटोकॉल एड्रेस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल करने वालों तक पहुंचने के लिए सभी तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पहले भी परिवार बन चुका निशाना
यह मामला इसलिए और अधिक गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इसी कारोबारी परिवार को पहले भी अपराधी निशाना बना चुके हैं। इसी वर्ष जनवरी महीने में परिवार के एक अन्य सदस्य से भी रंगदारी मांगी गई थी। इसके कुछ दिन बाद बाइक सवार बदमाशों ने उनकी दुकान पर फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी थी।
खबरें और भी
सूत्रों के अनुसार उस समय मामले को ज्यादा तूल नहीं देने की कोशिश की गई थी, लेकिन दुकान पर हुई गोलीबारी के बाद यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई थी। अब एक बार फिर उसी परिवार को धमकी मिलने से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- लाइसेंसी शस्त्रों की जांच का दायरा बढ़ा, ऊधम सिंह नगर से पंजाब तक खंगाली जा रही सप्लाई चेन
व्यापारियों ने सुरक्षा बढ़ाने की उठाई मांग
लगातार दूसरी बार एक ही कारोबारी परिवार को निशाना बनाए जाने के बाद स्थानीय व्यापार मंडलों ने चिंता जताई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कारोबारी वर्ग में भय का माहौल और बढ़ सकता है।
व्यापार मंडलों ने पुलिस प्रशासन से बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने और रंगदारी मांगने वाले गिरोह के सदस्यों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।