24 घंटे तक नहीं आई बिजली, जालंधर में गुस्साए लोगों ने कर दी सड़क जाम; लगाए विभाग के विरोध में नारे
जालंधर में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ...और पढ़ें

सड़क जाम कर प्रदर्शन करते हुए लोग।
HighLights
जालंधर में 24 घंटे बिजली न मिलने से लोग आक्रोशित।
टीवी टावर के पास सड़क जाम कर बिजली विभाग का विरोध।
प्रदर्शनकारियों ने तत्काल बिजली बहाली और स्टाफ की मांग की।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर में लगातार 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। शहर के टीवी टावर के पास बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
लोगों का आरोप है कि बिजली फाल्ट की शिकायत बार-बार करने के बावजूद समय पर कोई समाधान नहीं किया गया, जिससे पूरे इलाके को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके में बिजली फाल्ट आने के बाद से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित है।
एक दिन बीत जाने के बावजूद फाल्ट ठीक नहीं किया जा सका। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं होने से घरों में रहने वाले बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग सबसे अधिक परेशान हैं। पेयजल आपूर्ति, घरेलू उपकरण और दैनिक जीवन भी बिजली संकट के कारण प्रभावित हो गया है।
यह भी पढ़ें- पटियाला में केयरटेकर निकली हत्या आरोपी, विदेश से लौटे बेटे ने कैमरा देखा तो उड़े होश; खुला मां की मौत का राज
बिजली कर्मी हड़ताल पर
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि बिजली विभाग के शिकायत केंद्र पर कई बार सूचना देने के बावजूद कोई राहत नहीं मिली। अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन फाल्ट दूर होने का केवल आश्वासन मिलता रहा। इससे नाराज लोगों ने टीवी टावर रोड पर एकत्र होकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और सड़क पर धरना देकर यातायात रोक दिया।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तकनीकी कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बिजली फाल्ट ठीक करने में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक समय लग रहा है। उनका कहना है कि पहले जहां ऐसे फाल्ट कुछ घंटों में ठीक हो जाते थे, वहीं अब कई मामलों में 24 घंटे या उससे भी अधिक समय लग रहा है। इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- 1.89 करोड़ लेकर जमीन बेच कब्जा दिया, फिर रातोंरात बदली नीयत; बठिंडा में दो भाइयों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
माहौल शांत करने का प्रयास जारी
सड़क जाम होने की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। लोगों ने मांग की कि उनके क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल की जाए और फाल्ट ठीक करने के लिए पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका आरोप है कि बिजली संकट के कारण सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जबकि विभाग की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।