विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब बंद का विरोध, कीमती भगत बोले- हवारा को पैरोल मानवीय आधार पर मिले, बंद से लोग परेशान होंगे

Updated: Thu, 20 Aug 2026 03:12 PM (IST)

कीमती भगत ने 21 अगस्त के पंजाब बंद का विरोध किया। उन्होंने जगतार सिंह हवारा को मानवीय आधार पर पैरोल देने की अपील की और श्रद्धालुओं की परेशानी का हवाला दिया।

कीमती भगत।

कीमती भगत।

HighLights

  1. कीमती भगत ने 21 अगस्त के पंजाब बंद का विरोध किया।

  2. हवारा की पैरोल मानवीय आधार पर देने की वकालत की।

  3. नवरात्र में श्रद्धालुओं की परेशानी का हवाला दिया।

जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत ने जगतार सिंह हवारा की पैरोल के मुद्दे पर 21 अगस्त को प्रस्तावित पंजाब बंद का विरोध किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह हवारा को पैरोल दिए जाने के विरोध में नहीं हैं, लेकिन इसके लिए पंजाब बंद किए जाने के समर्थन में भी नहीं हैं।

कीमती भगत ने कहा कि हवारा के मामले को मानवीय दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। अदालत के फैसलों और पुरानी बहसों में उलझने के बजाय पंजाब और केंद्र सरकार को मानवीय पहलू पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हवारा अपनी सजा का बड़ा हिस्सा पहले ही काट चुके हैं। उनकी माता बेहद बुजुर्ग और गंभीर रूप से बीमार हैं। ऐसे में उन्हें पैरोल देने से कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा होने की संभावना नहीं है।

यह भी पढ़ें- अमृतसर की हेरिटेज स्ट्रीट पर SGPC की बसों में तोड़फोड़, शीशे टूटे; गोली चलने की आशंका से पुलिस जांच तेज

नवरात्र में बंद से लोग होंगे परेशान 

बंद का विरोध करने के पीछे उन्होंने नवरात्र का समय होने को प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि इन दिनों देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, चामुंडा देवी, नैना देवी और वैष्णो देवी के दर्शन के लिए हिमाचल और जम्मू पहुंचे हुए हैं।

उनके अनुसार 21 और 22 अगस्त नवरात्र के अंतिम दिन हैं, जबकि 23 और 24 अगस्त को श्रद्धालुओं की वापसी होगी। ऐसे समय में बंद होने से धार्मिक यात्रा से लौट रहे लोगों को परेशानी हो सकती है।

कीमती भगत ने कहा कि बंद के कारण हिमाचल से लौट रहे श्रद्धालुओं और बच्चों को रास्ते में घंटों जाम में फंसना पड़ सकता है। इससे पंजाब का आपसी भाईचारा और माहौल भी प्रभावित हो सकता है।

यह भी पढ़ें- लुधियाना के होटल पार्क प्लाजा पर बैंक की कार्रवाई, पुलिस तैनात; कमरों और लाउंज को सील करने की प्रक्रिया शुरू

किसान संगठनों से भी की अपील

बंद को किसान संगठनों के समर्थन पर उन्होंने कहा कि किसान नेता भी पंजाबी भाई हैं। उन्होंने उनसे हिंदू समुदाय की भावनाओं और श्रद्धालुओं की व्यावहारिक परेशानियों को ध्यान में रखते हुए बंद के समर्थन पर दोबारा विचार करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि हवारा की पैरोल के मुद्दे पर मानवीय आधार पर निर्णय होना चाहिए, लेकिन इसके लिए ऐसा कदम नहीं उठाया जाना चाहिए जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़े।

यह भी पढ़ें- अमृतसर पहुंचे सुनील शेट्टी ने चखा खास आम पापड़, पत्नी संग बाजार में दिखा अभिनेता का देसी अंदाज; Video वायरल