Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जालंधर के सरकारी स्कूल में खालिस्तान समर्थक नारे, आतंकी पन्नू के वीडियो ने बढ़ाई चिंता; जांच में जुटी पुलिस

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 11:20 AM (IST)

    सरकारी स्कूल में खालिस्तान समर्थक नारे और झंडे के दावे के बाद पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की जांच जारी ...और पढ़ें

    जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर जिले के शाहकोट क्षेत्र के गांव कोटला हीरा स्थित सरकारी स्कूल में खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने और प्रिंसिपल के कमरे में खालिस्तान समर्थक झंडा लगाए जाने के दावे से हड़कंप मच गया है। घटना सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और स्कूल परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्र तक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार स्कूल की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए हैं। वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल के कार्यालय में खालिस्तान समर्थक झंडा लगाए जाने का भी दावा किया गया है।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हरकत किसने और कब की।

    यह भी पढ़ें- रातभर वॉशरूम में बंद रही बीमार महिला, अस्पताल का ताला मारकर घर भाग गए कर्मचारी; पंजाब में लापरवाही का बड़ा मामला

    15 अगस्त को लेकर की आपत्तिजनक टिप्पणी

    इसी बीच विदेश में बैठे घोषित आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो जारी किए जाने की बात भी सामने आई है। वीडियो में उसने इस घटना का जिक्र करते हुए पंजाब सरकार को धमकी दी है। साथ ही उसने 15 अगस्त को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है। पुलिस वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।

    घटना के बाद जांच एजेंसियों ने स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा स्थानीय लोगों और स्कूल से जुड़े कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- जालंधर में दोमोरिया पुल में भरा पानी, 50 लाख से तैयार हो रहे वाटर हार्वेस्टिंग प्रोजेक्ट का काम रुका

    पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की

    पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना को अंजाम देने वालों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। डीआइजी नवीन सिंगला ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है और जो भी व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

    यह भी पढ़ें- 100 वर्षीय अंगरेज कौर इंसां ने निभाया वादा, निधन के बाद देहदान कर मानवता की मिसाल बनीं