प्रधानमंत्री का आज पंजाब दौरा, 75 स्टेशनों के उद्घाटन के साथ नई ट्रेन को करेंगे रवाना; हाई अलर्ट पर जालंधर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जालंधर पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। संत रविदास ट्रेन को हरी झंडी द ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
पीएम मोदी 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे।
संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
जालंधर कैंट स्टेशन का ₹125 करोड़ से आधुनिकीकरण।
जागरण संवाददाता, जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा रेलवे और बुनियादी ढांचे के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर करीब 80 मिनट रुकेंगे और यहीं से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे।
इसके साथ ही अमृतसर के छेहर्टा से वाराणसी के लिए शुरू होने वाली संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देश को संबोधित भी करेंगे। माना जा रहा है कि अपने संबोधन में वह पंजाब के लिए कुछ नई घोषणाएं भी कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री का विशेष विमान आदमपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेगा। वहां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए PAP परिसर स्थित हैलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन जाएंगे। रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन कार्यक्रम के बाद वह मंच से लोगों को संबोधित करेंगे और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को वापस रवाना होंगे।
यह भी पढ़ें- PM मोदी के जालंधर दौरे के चलते 17 जुलाई को साढ़े 3 घंटे बंद रहेगा NH-44, रूट डायवर्ट
सुरक्षा व्यस्था की गई कड़ी
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे जालंधर में सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य कर दी गई है। विशेष सुरक्षा समूह, पंजाब पुलिस, रेलवे पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासनिक अधिकारी पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे हैं। रेलवे स्टेशन, कार्यक्रम स्थल और पूरे वीवीआईपी मार्ग की कई बार सुरक्षा जांच की जा चुकी है। डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियां लगातार चप्पे-चप्पे पर निगरानी रख रही हैं।
खबरें और भी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले स्वास्थ्य सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने चार विशेष चिकित्सा दल गठित किए हैं, जिनमें विशेषज्ञ चिकित्सक, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, पैथोलॉजिस्ट और फार्मासिस्ट शामिल हैं। सभी दल अत्याधुनिक जीवन रक्षक एंबुलेंस, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, आपातकालीन दवाइयों और आवश्यक रक्त यूनिट के साथ तैनात रहेंगे।
प्रधानमंत्री का शेड्यूल
- प्रधानमंत्री आदमपुर से पीएपी में बनाए गए हैलीपैड पर 3.40
- जालंधर कैंट स्टेशन पर 3.55 बजे।
- जालंधर कैंट स्टेशन पर 3.55 से 4.30 तक जालंधर कैंट सहित 75 स्टेशनों का उद्घाटन व ट्रेन को हरि झंडी देंगे।
- शाम साढ़े चार बजे से 5.15 तक स्टेज पर देश को संबोधन भी करेंगे। यहीं रेल मंत्री भी संबोधन कर सकते हैं।
- प्रधानमंत्री की 5.15 बजे उनकी वापिसी होगी
यह भी पढ़ें- पंजाब के रेल यात्री ध्यान दें! कल 15 ट्रेनें प्रभावित, PM मोदी के दौरे को लेकर रूट में बदलाव
2 से 5.30 बजे तक रेलवे व सड़क मार्ग प्रभावित
सुरक्षा व्यवस्था के चलते दोपहर लगभग दो बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक रेलवे ब्लॉक लगने की संभावना है। इससे करीब 15 रेलगाड़ियां प्रभावित हो सकती हैं, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला जा सकता है या उन्हें पहले के स्टेशनों पर रोका जा सकता है।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष योजना तैयार की गई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से दोपहर दो बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। इस अवधि में विभिन्न स्थानों पर यातायात का डायवर्जन रहेगा। पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेंगे और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेश की 117 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को लाने की तैयारी की गई है। इसके लिए हजारों लोगों के बैठने और खड़े होने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम का सरकारी और राजनीतिक हिस्सा अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होगा।
110 साल पुराने स्टेशन की बदली तस्वीर
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं और विरासत की झलक के साथ विकसित किया गया है।
यहां दो नए फुटओवर ब्रिज, आठ एस्केलेटर, दस लिफ्ट, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षालय, शिशु देखभाल कक्ष, हेल्प डेस्क, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग सुविधा, विस्तारित पार्किंग, वर्षा जल संरक्षण प्रणाली और आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन की नई इमारत को ऊर्जा दक्ष तकनीक और आधुनिक डिजाइन के अनुरूप तैयार किया गया है।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को पंजाब में रेलवे विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।