फतेहगढ़ रेल ट्रैक जाम का असर, वंदे भारत का बदला रूट; मालवा और आम्रपाली एक्सप्रेस से बढ़ी यात्रियों की परेशानी
फतेहगढ़ में रेल ट्रैक जाम के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस को वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया, जबकि मालवा और आम्रपाली एक्सप्रेस देरी से चलीं। लुधियाना स्टेशन पर ...और पढ़ें

फतेहगढ़ साहिब रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों का इंतजार करते हुए।
HighLights
कौमी इंसाफ मोर्चा ने फतेहगढ़ में रेल ट्रैक जाम किया।
वंदे भारत एक्सप्रेस का मार्ग बदलकर चंडीगढ़ से भेजा गया।
मालवा और आम्रपाली एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें लेट हुईं।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से शनिवार को फतेहगढ़ में किए गए रेल ट्रैक जाम का असर पंजाब के रेल यातायात पर साफ दिखाई दिया। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। रेलवे को कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव करना पड़ा, जबकि कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुईं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, एहतियात के तौर पर कटरा से नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को लुधियाना-अंबाला रेल मार्ग के बजाय लुधियाना-चंडीगढ़-अंबाला रेल मार्ग से रवाना किया गया। इस वैकल्पिक व्यवस्था के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों को अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और ट्रेन को बिना किसी बड़े व्यवधान के आगे भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- राजपुरा में आधी रात बनूड़ बैरियर पर चली गोलियों, मामूली बहस खूनी वारदात में बदली; युवक गंभीर घायल
लंबी दूरी की ट्रेनों के यात्री हुए परेशान
दूसरी ओर, ट्रैक जाम का सबसे अधिक असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर देखने को मिला। लुधियाना की ओर आने वाली मालवा एक्सप्रेस को साधुगढ़ रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। वहीं आम्रपाली एक्सप्रेस भी रेल यातायात प्रभावित होने के कारण निर्धारित समय से देरी से चली। दोनों ट्रेनों के लेट होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, मालवा एक्सप्रेस का लुधियाना रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर करीब डेढ़ बजे के आसपास था, लेकिन ट्रैक जाम के कारण उसके संचालन पर असर पड़ा। आम्रपाली एक्सप्रेस भी प्रभावित ट्रेनों में शामिल रही।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- 15 साल बाद फिर खुली तारी हत्याकांड की फाइल, AK-47 से छलनी करने वाले अब भी फरार; CBI ने इनाम घोषित किया
गर्मी में यात्री करते रहे ट्रेनों का इंतजार
मालवा और आम्रपाली एक्सप्रेस से आगे अमृतसर और जम्मू जाने वाले कई यात्री लुधियाना रेलवे स्टेशन पर घंटों इंतजार करते रहे। गर्मी और उमस भरे मौसम के बीच लंबा इंतजार यात्रियों के लिए काफी मुश्किल भरा साबित हुआ। स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेनों की नई स्थिति जानने के लिए लगातार पूछताछ केंद्र और सूचना पट्टों का सहारा लेना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक सामान्य होने के बाद ट्रेनों का संचालन धीरे-धीरे पटरी पर लाया गया। हालांकि अंबाला की ओर से लुधियाना आने वाली अन्य कई ट्रेनों के भी दोपहर बाद तक देरी से पहुंचने की सूचना मिली। रेलवे ने प्रभावित ट्रेनों को क्रमवार गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिचालन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए।