Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हत्याकांड के 3 साल बाद भी नहीं मिली इंसाफ, लुधियाना में निहंगों ने घेरा डीसी ऑफिस, सड़क जाम किया

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 01:24 PM (IST)

    लुधियाना में फतेहवीर सिंह हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निहंग सिंहों ने डीसी कार्यालय के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। कई घंटे ...और पढ़ें

    निहंग संगठनों की तरफ से किया गया जाम।

    निहंग संगठनों की तरफ से किया गया जाम।

    HighLights

    1. निहंग सिंहों ने फतेहवीर सिंह हत्याकांड में न्याय मांगा।

    2. लुधियाना में फिरोजपुर रोड पर चक्का जाम किया।

    3. तीन साल बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। तीन वर्ष पुराने फतेहवीर सिंह हत्याकांड में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज निहंग सिंह सोमवार को सड़कों पर उतर आए। लुधियाना में डीसी कार्यालय के बाहर फिरोजपुर रोड पर धरना देकर प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम कर दिया। सुबह करीब दस बजे शुरू हुए प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।

    दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन में शामिल निहंग सिंहों का आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले फतेहवीर सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, लेकिन आज तक मामले के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। उनका कहना है कि पुलिस ने कई बार कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। इससे पीड़ित परिवार और समाज में लगातार रोष बढ़ता गया।

    यह भी पढ़ें- पंजाब के निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम, राज्यपाल ने आर्डिनेंस को दी मंजूरी; अब 5% से ज्यादा नहीं बढ़ेगी फीस

    तीन साल बाद भी नहीं मिला इंसाफ

    धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से वे पुलिस और प्रशासन के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। न्याय की उम्मीद में कई बार अधिकारियों से मुलाकात की गई, लेकिन मामले में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दी। उनका कहना है कि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

    प्रदर्शन के दौरान फिरोजपुर रोड पर दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन घंटों तक रेंगते रहे, जबकि बड़ी संख्या में लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। सड़क जाम होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- मालेरकोटला सफाईकर्मी हत्याकांड में पुलिस को मिली कामयाबी, 2 आरोपी गिरफ्तार; शव उठाने को राजी हुआ परिवार

    भरोसे तक जारी रहेगा आंदोलन

    प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पुलिस हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले में प्रभावी कार्रवाई का भरोसा नहीं देती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

    धरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सड़क खाली कराने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर वाहनों का रुख बदला, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।

    प्रशासन माने में जुटा

    फिलहाल प्रशासन प्रदर्शनकारियों से लगातार बातचीत कर रहा है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर लंबे समय से लंबित आपराधिक मामलों की जांच और समय पर न्याय दिलाने की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों के अगले कदम पर टिकी हुई है।

    यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में ATM में पीछे खड़ा युवक बना शातिर ठग, पलक झपकते कार्ड बदला और खाते से उड़ाए 41 हजार रुपये