Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में किसानों ने जाम किया बस्ती जोधेवाल चौक, एक सड़क बंद होने से थमी वाहनों की रफ्तार

    Updated: Sun, 31 May 2026 01:13 PM (GMT+05:30)

    लुधियाना के बस्ती जोधेवाल चौक पर किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना दिया। सड़क पर बैठने से एक तरफ का मार्ग बंद हो गया और राहो रोड सहित आसपास के ...और पढ़ें

    लुधियाना के बस्ती जोधेवाल चौक पर बैठे किसान।

    लुधियाना के बस्ती जोधेवाल चौक पर बैठे किसान।

    HighLights

    1. किसानों ने बस्ती जोधेवाल चौक पर धरना दिया।

    2. राहो रोड की मरम्मत और अवैध खनन रोकने की मांग।

    3. यातायात बाधित, पुलिस बल तैनात, आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। भारतीय किसान मजदूर यूनियन के नेतृत्व में रविवार को बड़ी संख्या में किसान बस्ती जोधेवाल चौक पर एकत्र हुए और अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना शुरू कर दिया। किसानों के सड़क पर बैठ जाने से चौक की एक तरफ की सड़क पूरी तरह बंद हो गई, जिससे राहो रोड और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।

    कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। धरने में शामिल किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। किसान नेताओं का कहना है कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याएं वर्षों से लंबित हैं, लेकिन संबंधित विभागों ने उन्हें दूर करने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए।

    यह भी पढ़ें- 10.09 सेकंड का रिकॉर्ड बनाने वाले गुरिंदरवीर के कायल हुए पीएम मोदी, ‘मन की बात’ में पूछा सफलता का मंत्र

    अवैध खनन के खिलाफ उठाई आवाज

    किसानों की प्रमुख मांगों में बस्ती जोधेवाल चौक से मत्तेवाड़ा तक राहो रोड की मरम्मत और चौड़ीकरण शामिल है। उनका कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा क्षेत्र में कथित अवैध खनन पर रोक लगाने, राहो रोड के किनारे हुए अवैध कब्जों को हटाने तथा ससराली बांध को मजबूत करने की मांग भी उठाई गई।

    धरनाकारियों ने यह भी कहा कि कई विकास कार्य बीच में ही रुके हुए हैं, जिससे इलाके के लोगों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। किसानों ने इन परियोजनाओं को दोबारा शुरू करने और संबंधित ठेकेदारों के बकाया भुगतान जल्द जारी करने की मांग की। उनका कहना है कि भुगतान लंबित रहने के कारण कई कार्य अधूरे पड़े हैं और इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- बठिंडा में 18 वर्षीय युवक की हत्या कर ड्रेन में फेंका शव, दो गिरफ्तार; सबूत मिटाने की साजिश उजागर

    किसानों ने दी सरकार को चेतावनी

    धरना स्थल पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की और लोगों से सहयोग की अपील की।

    किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह धरना केवल किसानों का नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और आम लोगों की सुविधाओं से जुड़ा मुद्दा है। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच बातचीत की संभावना बनी हुई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था।

    यह भी पढ़ें- फीस को लेकर कथित प्रताड़ना से टूटी 17 वर्षीय छात्रा, अमृतसर में युवती की जहर निगलने के बाद मौत