विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CJP की राह पर अब बिट्टू, स्कूलों में पहुंच अव्यवस्थाओं पर उठाएंगे सवाल; बोले- खोलेंगे सरकार की पोल

Updated: Wed, 26 Aug 2026 04:04 PM (IST)

रवनीत सिंह बिट्टू ने चौता के सरकारी स्कूल का दौरा कर शिक्षकों की कमी, सफाई, शौचालय और खेल मैदान की ...और पढ़ें

चौता सरकारी स्कूल में पहुंचे रवनीत बिट्‌टू।

चौता सरकारी स्कूल में पहुंचे रवनीत बिट्‌टू।

HighLights

  1. रवनीत बिट्टू ने सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल उठाए।

  2. 90 विद्यार्थियों पर केवल दो शिक्षक, सफाई भी खराब।

  3. बिट्टू ने पंजाब के हर सरकारी स्कूल जाने का दावा किया।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर अब भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी मोर्चा खोल दिया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से सरकारी स्कूलों का जायजा लेने के बाद अब बिट्टू ने साहनेवाल के गांव चौता स्थित सरकारी स्कूल का दौरा किया। उन्होंने स्कूल में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए मौजूदा सरकार को घेरा।

बिट्टू ने कहा कि करीब 90 विद्यार्थियों वाले इस स्कूल में सिर्फ दो शिक्षक हैं। यदि इनमें से एक शिक्षक को किसी अन्य सरकारी काम में लगा दिया जाए तो एक ही शिक्षक पर पूरे स्कूल के विद्यार्थियों को पढ़ाने की जिम्मेदारी रह जाती है। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति बताया।

यह भी पढ़ें- फरीदकोट में बच्चों के बीच पहुंचे स्पीकर संधवां, बेंच पर बैठ सुनी बातें; पढ़ाई और सुविधाओं का लिया जायजा

सफाई से लेकर खेल मैदान तक उठाए सवाल

स्कूल के दौरे के दौरान बिट्टू ने कक्षाओं के अलावा सफाई व्यवस्था, शौचालयों, खेल मैदान और मध्याह्न भोजन सहित कई मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि स्कूल में उचित सफाई व्यवस्था नहीं है और शौचालयों की स्थिति भी ठीक नहीं है। खेल मैदान में झाड़ियां उगी हुई हैं, जिसके कारण बच्चे वहां खेल नहीं सकते।

बिट्टू ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा और सुविधाएं देने के बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्थिति अलग है। उन्होंने कहा कि पुराने स्कूल भवनों में केवल रंग-रोगन कर उन्हें बेहतर दिखाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।

यह भी पढ़ें- नांदेड़ हमले के बाद सुखबीर बादल की पहली रैली, अमृतपाल पर बरसे, बोले- ये वारिस नहीं, वायरस हैं

हर सरकारी स्कूल में जाने का दावा

बिट्टू ने कहा कि आने वाले समय में वह पंजाब के हर सरकारी स्कूल का दौरा करेंगे और वहां की वास्तविक स्थिति सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर जनता के सामने रखा जाएगा।

रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने फेसबुक खाते पर स्कूल की व्यवस्थाओं से जुड़ा वीडियो भी साझा किया है। इसमें उन्होंने स्कूल की विभिन्न कमियों को दिखाते हुए सरकार से शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में कल सरकारी बाबू रहेंगे हड़ताल पर, जानें क्या खुला रहेगा और क्या बंद, पढ़ें पूरी अपडेट