लुधियाना में स्टील कारोबारी केके गर्ग और बेटा गिरफ्तार, डीजीजीआई ने की कार्रवाई
करोड़ों की जीएसटी बोगस बिलिंग मामले में शारू स्टील के केके गर्ग और उनके बेटे को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई से लुधियाना और मंडी गोबिंदगढ़ के कारोबारी चिंतित हैं।

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
केके गर्ग और बेटे को डीजीजीआई ने किया गिरफ्तार।
करोड़ों रुपये की जीएसटी बोगस बिलिंग का मामला।
लुधियाना स्टील उद्योग में बढ़ी हलचल, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। करोड़ों रुपये की जीएसटी बोगस बिलिंग के मामले में डायरेक्टोरेट जनरल आफ जीएसटी इंवेस्टिगेशन (डीजीजीआई) ने शारू स्टील के संचालक केके गर्ग और उनके बेटे को गिरफ्तार किया है। गर्ग आल इंडिया फर्नेस एसोसिएशन, लुधियाना के अध्यक्ष भी हैं। इस कार्रवाई के बाद लुधियाना और मंडी गोबिंदगढ़ की स्टील फर्नेस इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों में हलचल बढ़ गई है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि जीएसटी से जुड़े कथित बोगस बिलिंग मामले में विभाग की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी कारोबारी सौदे में पीछे से जीएसटी का बिल उपलब्ध नहीं होने को लेकर विभाग की जांच इन तक पहुंची। हालांकि, मामले में वास्तविक लेनदेन, बिलिंग और कर देनदारी से जुड़े तथ्यों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- ED की कार्रवाई पर भगवंत मान का भाजपा पर हमला, बोले- चुनाव से पहले विरोधियों को जेल भेजना लोकतंत्र के खिलाफ
राजस्व जुटाने के लगाए आरोप
वर्ल्ड एमएसएमई के अध्यक्ष बदीश जिंदल ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय जीएसटी अधिकारियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व जुटाने के उद्देश्य से अधिकारियों की ओर से इस तरह की कार्रवाई की गई है। हालांकि, यह उनका आरोप है और विभाग की ओर से मामले में जांच के आधार तथा गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
यह भी पढ़ें- पंजाब के किसानों का प्रदर्शन टला, केंद्र ने बातचीत के लिए दिया न्योता; मांगों को लेकर 4 सितंबर को होगी बैठक
जांच अभी जारी है
जीएसटी बोगस बिलिंग से जुड़े मामलों में विभाग की ओर से लेनदेन के दस्तावेज, कर भुगतान और संबंधित कारोबारी गतिविधियों की जांच की जाती है। इस मामले में भी अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कथित अनियमितता किस स्तर पर हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका रही।
फिलहाल केके गर्ग और उनके बेटे की गिरफ्तारी से स्टील उद्योग में चर्चा तेज हो गई है। कारोबारी इस मामले में आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में कब खत्म होगी खींचतान? कार्यसमिति की बैठक से चरणजीत चन्नी ने बनाई दूरी
