वृंदावन नाव हादसे से लुधियाना के दुगरी में मातम, तीन श्रद्धालुओं की मौत और सात लापता
लुधियाना के दुगरी फेस 2 में वृंदावन नाव हादसे की खबर से शोक छा गया। धार्मिक यात्रा पर गए दस श्रद्धालुओं में से तीन की मौत हो गई, जबकि सात लापता हैं। ...और पढ़ें

वृंदावन नाव हादसे से लुधियाना के दुगरी में मातम (एजेंसी)
HighLights
वृंदावन नाव हादसे में लुधियाना के श्रद्धालु प्रभावित।
दुगरी फेस 2 के तीन की मौत, सात लापता।
हादसे से मोहल्ले में गहरा शोक, परिवार सदमे में।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। दुगरी फेस 2 में मोहल्ले में उस समय शोक छा गया। जब वृंदावन में हुए दर्दनाक नाव हादसे की खबर पहुंची। मुहल्ले से धार्मिक यात्रा पर गए श्रद्धालु यमुना नदी पार कर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
तभी उनकी नाव यमुना नदी में पलट गई। जिसमें मुहल्ले के दस लोग डूब गए। जिसमें तीन की मौत हो गई है जबकि सात लापता बताए जा रहे है। इनमें मुहल्ले के दंपत्ति अंजू गुलाटी, राकेश गुलाटी और पड़ोस में रहती मीनू बंसल की डूबने से मौत की सूचना है, जबकि उनकी बेटी डिंकी बांसल लापता है। अंजू गुलाटी, राकेश गुलाटी का एक बेटा व बेटी है।
बेटा मोहित गुलाटी बाहर नौकरी करता है। बेटी की शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि इस धार्मिक यात्रा में मोहल्ले के करीब 10 लोग शामिल थे। जोकि जगराओ से वहां की बस में सब गए थे।
विधायक और अन्य लोगों ने बांधा ढांढस
दोपहर बाद जैसे ही यह खबर दुगरी मोहल्ले में पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घरों में चीख-पुकार मच गई। पड़ोसी और रिश्तेदार पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। हालांकि मृतकों के शव अभी लुधियाना नहीं पहुंचे हैं। दूसरी ओर इस दौरान पुलिस के अलावा विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू व अन्य लोग पहुंचे और ढांढस बंधा रहे थे।
पड़ोसियों के अनुसार राकेश गुलाटी बेहद धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उन्होंने इलाके में एकता समिति बनाई हुई थी और हर वर्ष माता रानी की चौकी व सुखमणि साहिब के पाठ का आयोजन करवाते थे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना
पूरा परिवार धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेता था और हर साल वृंदावन में माथा टेकने जाता था। लेकिन इस बार की यात्रा उनके लिए काल बन गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में गहरा शोक है। लोग लगातार लापता श्रद्धालुओं के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।