मानसा में ट्राले और कार की टक्कर, दो दोस्तों की मौके पर मौत; तीसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा
मानसा के गांव कोटड़ा कलां के पास ट्राले और कार की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीसरे व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा स्थ ...और पढ़ें

हादसे में मारे गए युवकों की फाइल फोटो।
HighLights
मानसा में कार-ट्राला टक्कर में दो लोगों की मौत।
एक व्यक्ति गंभीर घायल, बठिंडा एम्स रेफर किया गया।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू की, साक्ष्य जुटाए जा रहे।
जागरण संवाददाता, मानसा। मानसा जिले के गांव कोटड़ा कलां के पास शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मानसा के सिविल अस्पताल से बठिंडा स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही भीखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात मानसा निवासी जतिन वर्मा, गांव अक्कांवाली निवासी सुरेंद्र पाल सिंह और अवतार सिंह कार से मानसा से भीखी की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार गांव कोटड़ा कलां के पास पहुंची तो सामने से आ रहे एक ट्राले का चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्राला सीधे कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दोनों वाहन सड़क से नीचे खेतों में जा गिरे।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में पंथक सम्मेलन शुरू, सिख संगठनों के नेता पहुंचे; सीएम मान की संदिग्ध वीडियो विवाद पर हो रहा मंथन
हादसे की आवाज सुन लोग पहुंचे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एंबुलेंस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जतिन वर्मा और सुरेंद्र पाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अवतार सिंह की हालत चिंताजनक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मानसा के अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजन को सौंपे जाएंगे।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- पठानकोट में भारत-पाक सीमा के पास खेत में मिली बमनुमा वस्तु, इलाके की हुई घेराबंदी; सेना व पुलिस ने की जांच शुरू
पुलिस ने हादसे की जांच की शुरू
भीखी थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्राला अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और संबंधित वाहन चालकों के संबंध में भी जानकारी एकत्र की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने तथा भारी वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है।
यह भी पढ़ें- गोल्डन टेंपल में सीएम मान की फोटो पर बवाल, 'तीर्थ यात्रा योजना' के श्रद्धालुओं के ID कार्ड उतरवाए