विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानसा कबड्डी खिलाड़ी हत्याकांड में 3 गिरफ्तार, सरपंच भी शामिल; चुनावी रंजिश में हमला करने का लगा आरोप

Updated: Wed, 19 Aug 2026 05:02 PM (IST)

कबड्डी खिलाड़ी अमनदीप कुमार हत्याकांड में पुलिस ने गांव के सरपंच समेत तीन आरोपितों को 48 घंटे में गिरफ्तार किया। पुलिस अब अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।

मानसा पुलिस की तरफ से पकड़ा गया सरपंच व साथी।

मानसा पुलिस की तरफ से पकड़ा गया सरपंच व साथी।

HighLights

  1. कबड्डी खिलाड़ी अमनदीप कुमार उर्फ मंगू की हत्या।

  2. 48 घंटे में सरपंच समेत तीन आरोपी गिरफ्तार।

  3. चुनावी रंजिश के चलते हुआ था हमला।

जागरण संवाददाता, मानसा। मानसा के गांव नंगल कलां के कबड्डी खिलाड़ी अमनदीप कुमार उर्फ मंगू की हत्या के मामले में पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के भीतर गांव के सरपंच समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में पांच अज्ञात समेत कुल 11 आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके अलावा शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए तीन चिकित्सकों का बोर्ड गठित किया गया है।

एसएसपी भागीरथ सिंह मीणा ने बताया कि अमनदीप कुमार सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गुरुद्वारा साहिब की फिरनी के पास जा रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर और स्कार्पियो में सवार आरोपितों ने उस पर तेजधार हथियारों और लोहे की राड, कृपाण व सब्बल से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अमनदीप को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक ने अस्पताल में दिए बयान में गांव नंगल कलां के सरपंच रेशम सिंह उर्फ जिंदा, जवाहरके निवासी गगनप्रीत सिंह उर्फ गगन, गुरने खुर्द निवासी शगनदीप सिंह उर्फ शगनी सहित अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया था।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में स्टील कारोबारी केके गर्ग और बेटा गिरफ्तार, डीजीजीआई ने की कार्रवाई

रंजिश में हमला करने का आरोप

अमनदीप ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि सरपंच चुनाव के दौरान उसकी रेशम सिंह के साथ बहसबाजी हुई थी। इसके बाद से सरपंच उससे रंजिश रखने लगा था। इसी रंजिश के चलते साथियों के साथ हमला करने का आरोप लगाया गया। अमनदीप की मौत के बाद उसके भाई वरिंदर कुमार के बयान पर पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी।

यह भी पढ़ें- पंजाब से किसानों का दिल्ली कूच स्थगित, 4 सितंबर को केंद्रीय मंत्री से बैठक तय; मांगों पर जारी रहेगा संघर्ष

पहले से 16 मामले हैं दर्ज

एसएसपी के अनुसार, पुलिस टीमों ने रमदित्ते चौक से सरपंच रेशम सिंह उर्फ जिंदा, गगनप्रीत सिंह उर्फ गगन और शगनदीप सिंह उर्फ शगनी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब अन्य नामजद और अज्ञात आरोपितों की पहचान में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियारों और वाहनों की बरामदगी के प्रयास करेगी। पुलिस के मुताबिक रेशम सिंह के खिलाफ पहले से 16 मामले, जबकि गगनप्रीत सिंह और शगनदीप सिंह के खिलाफ दो-दो मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें- ED की कार्रवाई पर भगवंत मान का भाजपा पर हमला, बोले- चुनाव से पहले विरोधियों को जेल भेजना लोकतंत्र के खिलाफ