पंजाब से किसानों का दिल्ली कूच स्थगित, 4 सितंबर को केंद्रीय मंत्री से बैठक तय; मांगों पर जारी रहेगा संघर्ष
खनौरी सीमा से किसानों का पैदल दिल्ली कूच फिलहाल स्थगित हो गया। चार सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से बैठक तय हुई है। आंदोलन जारी रहेगा।

किसानों को रोकने के लिए लगाए गए सीमेंट ब्लॉक हटाते हुए किसान व जानकारी देते हुए किसान नेता डल्लेवाल।
HighLights
किसानों ने 4 सितंबर की बैठक के बाद दिल्ली कूच स्थगित किया।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से होगी किसानों की बातचीत।
किसान अपनी मांगों पर अडिग, आंदोलन जारी रखने का संकल्प।
जागरण संवाददाता, पटियाला (खनौरी)। पटियाला की खनौरी सीमा पर 16 अगस्त से पैदल दिल्ली कूच के लिए बैठे किसानों ने चार सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ बैठक का लिखित पत्र मिलने के बाद अपना कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया है। संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के नेतृत्व में 51 किसान पैदल दिल्ली जाने के लिए यहां डटे हुए थे।
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने बताया कि बुधवार को हरियाणा प्रशासन के अधिकारी खनौरी सीमा पर पहुंचे और चार सितंबर को केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक करवाने की जानकारी दी। इसके बाद किसानों ने बुधवार को प्रस्तावित सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए।
डल्लेवाल ने कहा कि किसानों की शांतिपूर्ण पैदल यात्रा ने सरकार को एक बार फिर बातचीत की मेज पर आने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पैदल कूच स्थगित करने का अर्थ आंदोलन समाप्त होना नहीं है। किसान अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में स्टील कारोबारी केके गर्ग और बेटा गिरफ्तार, डीजीजीआई ने की कार्रवाई
खट्टर से मिलेंगे किसान नेता
किसान नेता के अनुसार पंजाब प्रशासन भी पिछले दिन से हरियाणा प्रशासन के साथ बैठक करवाने को लेकर संपर्क में था। बुधवार को दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद चार सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ किसानों की बैठक तय हुई है।
किसान नेताओं ने कहा कि करीब 50 से 55 किसानों की शांतिपूर्ण पैदल यात्रा को रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद किसानों ने धैर्य बनाए रखा। उन्होंने कहा कि बुधवार का कार्यक्रम खत्म नहीं किया गया है, बल्कि हरियाणा सरकार और स्थानीय प्रशासन के आग्रह पर फिलहाल स्थगित किया गया है।
यह भी पढ़ें- ED की कार्रवाई पर भगवंत मान का भाजपा पर हमला, बोले- चुनाव से पहले विरोधियों को जेल भेजना लोकतंत्र के खिलाफ
महापंचायतों से आंदोलन मजबूत करने की तैयारी
डल्लेवाल ने कहा कि किसान अपनी मांगों से पीछे नहीं हटे हैं। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में भी संघर्ष जारी रहेगा। आंदोलन को देशभर में मजबूत करने के लिए विभिन्न राज्यों में किसान महापंचायतें आयोजित करने का आह्वान किया गया है। 25 अगस्त को कर्नाटक में महापंचायत आयोजित होने की जानकारी भी दी गई।
किसान नेताओं ने कहा कि चार सितंबर की बैठक में सरकार के सामने किसानों की मांगें और अन्य मुद्दे रखे जाएंगे। बैठक में सरकार के रुख और बातचीत के परिणाम के आधार पर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।
