दो दिन बाद भाखड़ा नहर से मिला मानसा ओटी सेंटर सुपरवाइजर का शव, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मानसा में दो दिन से लापता ओटी सेंटर सुपरवाइजर भूपिंदर कुमार का शव भाखड़ा नहर से बरामद हुआ। परिवार ने साथी कर्मचारियों और एक सत्तापक्ष नेता पर मानसिक द ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो।
HighLights
मानसा में दो दिन से लापता सुपरवाइजर का शव मिला।
भाखड़ा नहर से बरामद हुआ भूपिंदर कुमार भिंदा का शव।
परिवार ने मानसिक दबाव और निष्पक्ष जांच की मांग की।
संवाद सहयोगी, मानसा। मानसा जिले में दो दिन से लापता स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भूपिंदर कुमार भिंदा का शव रविवार को भाखड़ा नहर से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिजनों ने साथी कर्मचारियों और एक सत्तापक्ष नेता पर मानसिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोहा के ओटी सेंटर सुपरवाइजर भूपिंदर कुमार भिंदा 12 जून की शाम अचानक लापता हो गए थे। परिजनों और प्रशासन की ओर से लगातार उनकी तलाश की जा रही थी। बताया जा रहा है कि उनके लापता होने के बाद स्थानीय गोताखोरों ने लगातार दो दिनों तक भाखड़ा नहर में खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
यह भी पढ़ें- 36 घंटे में सुलझा बठिंडा ब्लाइंड मर्डर केस, ठेका कर्मचारी की हत्या करने वाले दो आरोपी हथियार समेत गिरफ्तार
32 सदस्यों की टीम ने चलाया सर्च अभियान
रविवार को बठिंडा से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 32 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची। टीम ने भाखड़ा नहर में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान झुनीर क्षेत्र के गांव माखा के पास नहर से भूपिंदर कुमार का शव बरामद कर लिया गया। सूचना मिलते ही थाना झुनीर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से बुढलाडा भेज दिया गया।
परिवार के अनुसार 12 जून को ड्यूटी के दौरान भूपिंदर कुमार की कुछ साथी कर्मचारियों के साथ कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह शाम करीब छह बजे अपने घर से निकल गए थे। हैरानी की बात यह रही कि जाते समय वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गए थे।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- संगरूर में तेज रफ्तार बस की टक्कर से महिला की मौत, पति और बच्चा घायल
परिवार ने परेशान करने के लगाए आरोप
मृतक के बेटे कपिल ने आरोप लगाया कि उनके पिता पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा था, जिसके कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। उनका कहना है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उनके पिता ने यह कदम उठाया। परिवार ने साथी कर्मचारियों और एक सत्ताधारी दल के नेता की भूमिका की जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग और इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।