मामले में थाना धर्मकोट पुलिस ने जालंधर और शाहकोट के तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपितों की पहचान नगिंदर खुल्लर निवासी दयोल नगर जालंधर, काकू सिंह निवासी राजेवाला शाहकोट और मंगल सिंह निवासी शाहकोट के रूप में हुई है।
थाना धर्मकोट के सहायक थानेदार गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गांव चक्क तारेवाला निवासी महेंद्र सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर बताया था कि उनका बेटा अमरजीत सिंह विदेश जाने का इच्छुक था। इसी दौरान उनकी मुलाकात उक्त तीनों लोगों से हुई। आरोपितों ने भरोसा दिलाया कि वे अमरजीत सिंह को कानूनी और सुरक्षित तरीके से अमेरिका पहुंचा देंगे।
यह भी पढ़ें- कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में मां ने दो मासूम बेटों संग काली बेईं में लगाई छलांग, बच्चों की मौत
गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ
शिकायत के अनुसार आरोपितों ने विदेश भेजने के नाम पर परिवार से करीब 47 लाख 87 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद 21 अक्टूबर 2024 को अमरजीत सिंह को दिल्ली हवाई अड्डे से अमेरिका भेज दिया गया। लेकिन वहां पहुंचने के बाद पता चला कि उसे गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में दाखिल करवाया गया था।
अमेरिका की पुलिस ने अमरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। युवक को करीब एक वर्ष तक जेल में रखा गया। बाद में 8 दिसंबर 2025 को उसे वापस भारत भेज दिया गया। भारत लौटने के बाद परिवार को पूरी ठगी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
यह भी पढ़ें- हर छह महीने में AI से स्कैन होंगे नेशनल हाईवे, सरकार ला रही नई तकनीक; तुरंत पकड़ में आएंगी सड़क की खराबियां
पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच धर्मकोट पुलिस को सौंपी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान शिकायत को सही पाया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में विदेश भेजने वाले एजेंटों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश जाने के लिए केवल अधिकृत माध्यमों और कानूनी प्रक्रिया का ही सहारा लें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।