लिव इन विवाद में प्रेमी का खूनी हमला; पंजाब के मोगा में प्रेमिका का गला काटा, फिर खुद को भी किया घायल
मोगा में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े विवाद में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के गले पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद ...और पढ़ें

अस्पताल में उपचाराधीन युवती।
जागरण संवाददाता, मोगा। पंजाब के मोगा में थाना सिटी साउथ क्षेत्र के अंतर्गत बुकनवाला रोड पर लिव इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक विवाद खूनी झड़प में बदल गया। एक युवक ने अपनी प्रेमिका के गले पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद युवक ने खुद का भी गला काटकर आत्मघाती प्रयास किया। दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां युवती का इलाज चल रहा है।
सिविल अस्पताल में भर्ती 30 वर्षीय मनदीप कौर, पत्नी गुरदित सिंह, जो दो बच्चों की मां है, ने बताया कि उसका पास में रहने वाले लवदीप सिंह के साथ प्रेम संबंध था। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच तनाव चल रहा था। मनदीप कौर के अनुसार लवदीप उस पर पति से तलाक लेकर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था। पिछले करीब दस दिनों से वह धमकियां दे रहा था, जिससे उनके बीच विवाद बढ़ गया।
यह भी पढ़ें- चार साल की सजा के बाद भी विधायक पद पर कायम; हाईकोर्ट में याचिका दायर, 30 मार्च तक पंजाब सरकार से मांगा जवाब
लोगों ने पहुंचाया दोनों को अस्पताल
सोमवार दोपहर बाद कथित तौर पर लवदीप सिंह ने गुस्से में आकर चाकू से मनदीप कौर के गले पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर दोनों को संभाला और एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- पंजाब के कपूरथला में ताला लगा देख खिड़की की ग्रिल तोड़ी, व्यापारी के घर से 20 तोले सोना और लाखों रुपये उड़ा ले गए चोर
पुलिस ने कार्रवाई की शुरू
अस्पताल के इमरजेंसी स्टाफ ने प्राथमिक उपचार देने के बाद मामले की सूचना थाना सिटी साउथ पुलिस को दे दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, जबकि आरोपी की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।
खबरें और भी
घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। लिव इन संबंध को लेकर उत्पन्न विवाद के इस हिंसक रूप ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।