Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेटे को बचाने नहर में कूदे पिता की भी मौत, एक साथ हुआ दोनों दोनों का अंतिम संस्कार

    Updated: Fri, 22 May 2026 02:31 PM (IST)

    श्री मुक्तसर साहिब में बेटे को बचाने के लिए नहर में कूदे पिता का शव तीसरे दिन बरामद हुआ। इससे पहले बेटे का शव मिला था। शुक्रवार को दोनों का एक साथ अंत ...और पढ़ें

    शव को नहर से निकालते हुए गोताखोर।

    शव को नहर से निकालते हुए गोताखोर।

    HighLights

    1. बेटे को बचाने नहर में कूदे पिता की मौत।

    2. सरहिंद फीडर नहर में दोनों के शव मिले।

    3. पिता-पुत्र का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार।

    जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सरहिंद फीडर नहर में बेटे को बचाने के लिए कूदे पिता का शव तीसरे दिन शुक्रवार सुबह बरामद हुआ। इससे पहले गुरुवार को बेटे का शव अबोहर क्षेत्र से मिला था। शुक्रवार को पिता और पुत्र का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। एक ही चिता पर दोनों की चिताएं जलती देख हर आंख नम हो गई।

    जानकारी के अनुसार दशमेश नगर निवासी मक्खन सिंह अपने बेटे हरतेज सिंह के साथ थाना सिटी के सामने सब्जी की रेहड़ी लगाते थे। बीस मई की सुबह दोनों के बीच सब्जी मंडी में हुए नुकसान को लेकर कहासुनी हो गई थी। परिवार के अनुसार ज्यादा माल मंगाने के कारण सब्जियां खराब हो गई थीं, जिसको लेकर पिता ने बेटे को डांट दिया था।

    यह भी पढ़ें- आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, अब पंजाब सरकार चलाएगी बड़ा अभियान; सीएम मान ने किया एलान

    झगड़े के बाद बेटा निकला था घर से

    मक्खन सिंह के भाई कुलदीप सिंह ने बताया कि पिता की डांट से नाराज होकर हरतेज घर से निकल गया और कुछ समय बाद सरहिंद फीडर नहर में छलांग लगा दी। बेटे को नहर में डूबता देख मक्खन सिंह भी उसे बचाने के लिए तुरंत नहर में कूद गए। हालांकि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों लापता हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा राहत बल की मदद से लगातार सर्च अभियान चलाया गया। करीब चौबीस घंटे बाद गुरुवार को हरतेज सिंह का शव अबोहर क्षेत्र से बरामद किया गया। वहीं शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मक्खन सिंह का शव सोथा हेड के पास मिला।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- नगर निकाय चुनावों पर हाई कोर्ट सख्त, हर पोलिंग बूथ पर सीसीटीवी और एक साल सुरक्षित रहेगी रिकॉर्डिंग

    दोनों का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

    घटना के बाद पूरे दशमेश नगर में शोक की लहर फैल गई। शुक्रवार को बठिंडा रोड स्थित श्मशानघाट में पिता-पुत्र का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में इलाके के लोग, रिश्तेदार और सब्जी मंडी के व्यापारी मौजूद रहे।

    सब्जी मंडी के व्यापारियों ने कहा कि किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि मामूली कहासुनी इतना बड़ा हादसा बन जाएगी। लोगों का कहना था कि परिवार बेहद मेहनतकश था और दोनों पिता-पुत्र रोजाना मिलकर काम करते थे।

    परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके के लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। इस दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।

    यह भी पढ़ें- बठिंडा की भुच्चो मंडी हमले में बड़ा खुलासा, मुंबई एटीएम चोरी कांड का आरोपी निकला मुख्य हमलावर