Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गिद्दड़बाहा में नशे का कहर, हफ्ते में तीसरी मौत; पिता बोला- डेढ़ साल में गवां बैठा दो बेटे

    Updated: Sat, 25 Apr 2026 05:11 PM (IST)

    गिद्दड़बाहा में एक हफ्ते में नशे से तीसरी मौत हुई। कोटली अबलू के युवक की जान गई। पिता ने डेढ़ साल में दो बेटे खोने का दर्द बताया और नशा बंद करने की अप ...और पढ़ें

    मृतक की फाइल फोटो।

    मृतक की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. गिद्दड़बाहा में नशे से एक सप्ताह में तीसरी मौत।

    2. कोटली अबलू के 22 वर्षीय युवक संतोख सिंह की मौत।

    3. पिता ने डेढ़ साल में अपने दोनों बेटे नशे में खोए।

    संवाद सूत्र, दोदा (मुक्तसर)। पंजाब के मुक्तसर के अंतर्गत आने वाले गिद्दड़बाहा क्षेत्र में नशे का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है और मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला गांव कोटली अबलू का है, जहां एक 22 वर्षीय युवक की कथित तौर पर नशे के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोख सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से चालक था और अभी अविवाहित था।

    परिजनों के अनुसार बीती देर रात संतोख सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि उसकी मौत का कारण नशा है। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि संतोख के बड़े भाई की भी करीब डेढ़ साल पहले नशे की अधिक मात्रा लेने से मौत हो चुकी है। अब परिवार में केवल पिता ही अकेले रह गए हैं।

    यह भी पढ़ें- बागियों को सबक सिखाने के लिए 'आप' ने बिछाई बिसात, भगवंत मान अपने विधायकों संग करेंगे राष्ट्रपति से मुलाकात

    muktsar

    युवक की मौत के बाद शोकग्रस्त परिवार।

    नशे ने छीन लिया परिवार

    मृतक के पिता बलकरन सिंह ने भावुक होकर कहा कि नशे ने उनका सब कुछ छीन लिया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि नशे को पूरी तरह बंद किया जाए, ताकि किसी और परिवार को इस तरह का दुख न सहना पड़े। उनका कहना था कि डेढ़ साल में उनके दोनों बेटे उनसे छिन गए।

    परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गांव में खुलेआम नशा बेचा जा रहा है, लेकिन इसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

    परिवार का आरोप- गांव के लोग धंधे में शामिल

    उन्होंने दावा किया कि गांव में कई लोग इस धंधे में शामिल हैं और प्रशासन को इसकी पूरी जानकारी है। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।वहीं दूसरी ओर थाना कोटभाई की प्रभारी दीपिका कंबोज ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि पुलिस को इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और लगाए गए आरोप निराधार हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- सब साथ छोड़ गए, पर वो खड़ा रहा... आखिर कौन है वो वफादार, जिसने नहीं दिया केजरीवाल को धोखा?

    तीसरी मौत के बाद पुलिस पर उठे सवाल

    गौरतलब है कि गिद्दड़बाहा क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर नशे से यह तीसरी मौत है। इससे पहले कोटभाई और हरिके कलां गांवों में भी दो युवकों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। फिलहाल पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है।

    यह भी पढ़ें- राज्यसभा सांसद राजिंद्र गुप्ता के घर के बाहर AAP नेताओं का प्रदर्शन, दीवारों पर लिखा गद्दार