Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब नगर काउंसिल चुनाव: गिद्दड़बाहा में वोटिंग के बीच बवाल, AAP-SAD समर्थकों में मारपीट; बूथ पर मची अफरा-तफरी

    Updated: Tue, 26 May 2026 01:31 PM (IST)

    गिद्दड़बाहा में नगर कौंसिल चुनाव के दौरान वार्ड 18 और 19 के मतदान केंद्रों पर ‘आप’ और अकाली दल कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसर ...और पढ़ें

    गिद्दड़बाहा में भिड़ते हुए आप व अकाली कार्यकर्ता।

    गिद्दड़बाहा में भिड़ते हुए आप व अकाली कार्यकर्ता।

    HighLights

    1. गिद्दड़बाहा चुनाव में 'आप' और अकाली समर्थकों में मारपीट।

    2. वार्ड 18 और 19 के मतदान केंद्रों पर तनावपूर्ण माहौल।

    3. पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

    जागरण संवाददाता, मुक्तसर साहिब। मुक्तसर जिले के गिद्दड़बाहा में नगर कौंसिल चुनाव के दौरान मंगलवार को मतदान केंद्रों पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। वार्ड नंबर 18 और 19 में आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बाहर से लोगों को लाकर चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने के आरोप लगाए हैं। झड़प के दौरान लात-घूंसे चलने से मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन कुछ देर बाद दोनों दलों के समर्थकों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार कई कार्यकर्ता एक-दूसरे से भिड़ गए, जिससे मतदान केंद्र के बाहर हंगामे जैसे हालात बन गए।

    यह भी पढ़ें- पंजाब निकाय चुनाव 2026 LIVE: कांग्रेस प्रत्याशी पर हमले से गुस्साए वड़िंग, बोले- कानून-व्यवस्था फेल; गुंडे बेखौफ

    अकाली नेताओं से मारपीट का आरोप 

    अकाली दल समर्थकों का आरोप है कि विधायक डिंपी ढिल्लों के पीए और उनके साथियों ने अकाली नेता चरणजीत सिंह भुंदड़ और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। वहीं आम आदमी पार्टी समर्थकों ने भी अकाली कार्यकर्ताओं पर हमला करने और माहौल खराब करने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे को घटना के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

    अचानक हुई इस झड़प से मतदान केंद्र पर मौजूद मतदाताओं में डर का माहौल बन गया। खासकर महिलाओं और बुजुर्ग मतदाताओं में घबराहट देखने को मिली। कुछ समय के लिए लोग मतदान केंद्र से दूर हट गए और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- Photos में देखें पंजाब निकाय चुनाव 2026 महासंग्राम, सुबह से बूथों पर लगी कतारें, कड़ी सुरक्षा में वोटिंग जारी

    पुलिस ने दोनों पक्षों को करवाया शांत

    घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। इसके बाद मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू करवाई गई। प्रशासन ने वार्ड नंबर 18 और 19 के मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।

    घटना के बाद विपक्षी दलों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने में प्रशासन विफल रहा है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक जारी है।

    यह भी पढ़ें- पंजाब में चार निकायों के चुनाव की तारीख घोषित, 13 जून को होगा मतदान; 30 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया