चरित्र पर संदेह में दरिंदा बना पति, पत्नी को मना मायके से घर लाया और घोंट दिया गला
श्री मुक्तसर साहिब के खिड़कियांवाला गांव में एक पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते उसका गला ...और पढ़ें

घटनास्थल पर पहुंच पुलिस जांच करते हुए।
HighLights
मुक्तसर के खिड़कियांवाला में पति ने की पत्नी की हत्या।
चरित्र पर संदेह के चलते गला घोंटकर कत्ल किया।
आरोपित पति नीला सिंह वारदात के बाद फरार, तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, दोदा (श्री मुक्तसर साहिब)। श्री मुक्तसर साहिब के गांव खिड़कियांवाला में चरित्र पर संदेह के चलते एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी का गला घोंटकर कत्ल करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मृतका की पहचान गुरशविंदर कौर के रूप में हुई है, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित पति नीला सिंह मौके से फरार हो गया।
थाना कोटभाई के एसएचओ राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में गांव खिड़कियांवाला के सरपंच तरसेम सिंह ने दर्ज कराया कि आरोपित नीला सिंह का शादी करीब 16 वर्ष पूर्व गुरशविंदर कौर निवासी नानकसर बस्ती कोटकपूरा के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे- एक बेटा और एक बेटी हैं।
पुलिस के अनुसार, नीला सिंह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और उसे संदेह था कि उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर घर में अक्सर लड़ाई झगड़ा रहता था। करीब चार-पांच दिन पहले भी दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ था, जिस दौरान नीला सिंह ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। भयभीत होकर गुरशविंदर कौर अपने मायके चली गई थी।
यह भी पढ़ें- आंख की झपकी लगते ही जालंधर-पठानकोट हाईवे पर टकराए टैंकर और कंटेनर, केबिन में एक घंटे तक तड़पता रहा चालक

मृतका की फाइल फोटो।
बच्चों और मां को रिश्तेदारों के घर छोड़ा
4 अक्टूबर को नीला सिंह के पिता जब घर से बाहर गए, तो उसने अपनी मां और दोनों बच्चों को रिश्तेदारों के घर छोड़ दिया। इसके बाद वह ससुराल जाकर गुरशविंदर कौर को समझा-बुझाकर मोटरसाइकिल पर वापस अपने गांव ले आया। आरोप है कि दोपहर बाद उसने घर के भीतर ही पत्नी का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया और खुद फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- ED का DGP को लिखे पत्र का मामला, हाईकोर्ट का CBI को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश, दो महीने में रिपोर्ट तलब
पुलिस ने जांच की शुरू
घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएचओ ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद आरोपी घर छोड़ फरार हो चुका है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
