वायरल ऑडियो पर घिरे राजा वड़िंग, एससी आयोग ने एसएसपी को किया तलब; मांगी फोरेंसिक रिपोर्ट
पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग से जुड़ी कथित वायरल ऑडियो क्लिप पर राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मुक्तसर एसएसपी को तलब कर ...और पढ़ें

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग।
HighLights
राजा वड़िंग कथित वायरल ऑडियो क्लिप विवाद में
अनुसूचित जाति आयोग ने एसएसपी को किया तलब
ऑडियो की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट मांगी गई
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग एक कथित वायरल ऑडियो क्लिप को लेकर नए विवाद में घिर गए हैं। राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है और मुक्तसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को व्यक्तिगत रूप से तलब किया है। आयोग ने पुलिस को ऑडियो की फोरेंसिक जांच करवाकर पूरी रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
विवाद उस कथित वायरल ऑडियो क्लिप को लेकर शुरू हुआ, जिसमें “एक हजार में डेढ़, दो हजार में भेड़” जैसी टिप्पणी सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर क्लिप तेजी से वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया और मामले ने तूल पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सामाजिक सुरक्षा मंत्री डाॅ. बलजीत कौर द्वारा भेजे गए संदेश के आधार पर की गई है। पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग एक्ट-2004 की धारा 10 के तहत आयोग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आयोग ने मुक्तसर के एसएसपी को 29 मई सुबह नौ बजे व्यक्तिगत रूप से पेश होने के आदेश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब निकाय चुनाव 2026 LIVE: कांग्रेस प्रत्याशी पर हमले से गुस्साए वड़िंग, बोले- कानून-व्यवस्था फेल; गुंडे बेखौफ
आयोग ने मांगी रिपोर्ट
आयोग ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वायरल ऑडियो की फोरेंसिक जांच करवाई जाए और उसकी तथ्यात्मक रिपोर्ट आयोग के समक्ष पेश की जाए। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि आदेशों का पालन नहीं किया गया तो आयोग सिविल अदालत जैसी शक्तियों का इस्तेमाल कर सकता है।
खबरें और भी
वहीं दूसरी तरफ राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने दावा किया कि यह करीब सात साल पुराना फर्जी ऑडियो है, जिसे अब उन्हें बदनाम करने के लिए दोबारा फैलाया जा रहा है। वड़िंग ने कहा कि कोई भी आसानी से समझ सकता है कि वायरल क्लिप में सुनाई देने वाली आवाज उनकी नहीं है।
यह भी पढ़ें- Photos में देखें पंजाब निकाय चुनाव 2026 महासंग्राम, बूथों पर लंबी कतारें; छुटपुट घटनाओं के बीच शांतिमय वोटिंग
वड़िंग ने सरकार पर साधा निशाना
राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि फर्जी सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले के राजनीतिक रूप लेने के बाद पंजाब की सियासत और गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे विपक्ष को दबाने की कोशिश बताया है, जबकि विरोधी दल लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी वायरल ऑडियो को लेकर बहस तेज हो गई है।
फिलहाल पुलिस वायरल क्लिप की सत्यता और आवाज के मिलान की जांच में जुटी हुई है। आयोग ने फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 29 मई को होगी, जिस पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।