पठानकोट से पंजाब में दाखिल हुआ मानसून, अगले 4 दिन पूरे प्रदेश में बारिश के आसार; गर्मी से मिलेगी राहत
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पठानकोट के रास्ते पंजाब में प्रवेश कर लिया है। अगले दो से तीन दिनों में पूरे प्रदेश में इसके फैलने की संभावना है। कई जिलों में ...और पढ़ें

पंजाब के पठानकोट में बारिश के बाद सड़क पर एकत्रित पानी।
HighLights
मानसून ने पठानकोट के रास्ते पंजाब में दस्तक दी।
अगले 2-3 दिनों में पूरे पंजाब में बारिश संभव।
गर्मी से राहत मिलेगी, कृषि क्षेत्र को होगा लाभ।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार पंजाब में दस्तक दे दी है। मानसून ने हिमाचल प्रदेश से सटे पठानकोट जिले के रास्ते राज्य में प्रवेश किया है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी पंजाब के होशियारपुर, रूपनगर और आसपास के इलाकों में भी मानसूनी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो अगले 2 से तीन दिनों के भीतर मानसून पूरे पंजाब को अपने दायरे में ले लेगा।
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. पवनीत किंगरा ने बताया कि इस वर्ष मानसून का आगमन सामान्य समय के अनुसार हुआ है। उन्होंने कहा कि मानसून की प्रगति फिलहाल अनुकूल बनी हुई है और इसके तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है। इससे प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और लोगों को उमस तथा भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में पंजाब के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसी को देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- जन्मदिन की पार्टी में मचा बवाल, तरनतारन में दो गुटों के बीच चलीं गोलियां; 15 लोगों पर मामला दर्ज

1 जून तक मानसून की स्थिति दर्शाता हुआ मैप।
हिमाचल के सटे इलाकों में अधिक बारिश के आसार
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की जिला-वार चेतावनी के अनुसार एक से पांच जुलाई तक उत्तर और मध्य पंजाब के कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। वहीं, हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों में कुछ स्थानों पर अपेक्षाकृत अधिक वर्षा होने के भी आसार हैं। दक्षिण-पश्चिम पंजाब के अधिकांश जिलों में फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, हालांकि वहां भी अगले कुछ दिनों में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
खबरें और भी
मानसून के आगमन को कृषि क्षेत्र के लिए भी अच्छी खबर माना जा रहा है। धान की रोपाई का कार्य तेजी पकड़ेगा और खरीफ फसलों को पर्याप्त नमी मिलने की उम्मीद है। इससे सिंचाई पर निर्भरता भी कम होगी और किसानों को राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब में लेक्चरर भर्ती विवादों में, आरक्षित सीटों को लेकर उठे सवाल; बसपा विधायक ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र
मौसम विभाग ने सावधान रहने को कहा
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून की रफ्तार पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि अनुकूल परिस्थितियां बनी रहती हैं तो अगले दो से तीन दिनों में पूरा पंजाब मानसून की बारिश से भीग जाएगा और प्रदेश में गर्मी का असर काफी हद तक कम हो जाएगा।