पटियाला में ड्रम में मिली लाश की गुत्थी सुलझी, प्रेम संबंध बना मौत की वजह; प्रेमी गिरफ्तार
पटियाला में नीले ड्रम में मिली युवती की लाश मामले को पुलिस ने चार दिन में सुलझा लिया। जांच में सामने आया कि शादी के दबाव को लेकर विवाद के बाद प्रेमी न ...और पढ़ें

कत्ल के बाद युवती को ड्रम में डाल फेंका गया था।
HighLights
पटियाला में ड्रम में मिली युवती की लाश का मामला सुलझा।
प्रेम संबंध में शादी के दबाव के कारण हुई हत्या।
मुख्य आरोपी प्रेमी विराट कश्यप को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पटियाला के डीसीडब्ल्यू पुल के पास नीले रंग के ड्रम में मिली युवती की लाश के मामले में पटियाला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या की गुत्थी महज चार दिनों में सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों में चल रहे विवाद और शादी के लिए बनाए जा रहे दबाव के कारण युवती की हत्या की गई थी। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित विराट कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 26 मई की सुबह करीब छह बजे कूड़ा एकत्र करने वाले शंकर नामक व्यक्ति ने डीसीडब्ल्यू पुल के पास पड़े एक नीले ड्रम में युवती का शव देखा था। ड्रम में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।
यह भी पढ़ें- पटियाला में युवक की निर्मम हत्या, नशा तस्करी की सूचना देने के शक में तेजधार हथियारों से हमला
टेटू से हुई थी नेहा की पहचान
पुलिस ने जांच के दौरान युवती की बाजू पर बने "नेहा" नाम के टैटू के आधार पर पहचान की कोशिश शुरू की। इसके बाद जिला जौनपुर निवासी बबलू शेखर ने शव की पहचान अपनी बहन नेहा के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने हत्या की जांच को और तेज कर दिया।
एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा, एसपी जांच गुरबंस सिंह बैंस और डीएसपी सिटी-दो जंगजीत सिंह रंधावा की निगरानी में सीआईए स्टाफ और थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस ने निगरानी कैमरों की फुटेज, काल डिटेल रिकार्ड, मोबाइल टावर लोकेशन, डंप डाटा और मानव खुफिया तंत्र की मदद से मामले की परतें खोलनी शुरू कीं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- फगवाड़ा में लवली यूनिवर्सिटी के पास सनसनीखेज वारदात, आरटीआई कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या
पूछताछ में प्रेमी ने उगली सच्चाई
लगातार तकनीकी जांच और छापेमारी के बाद पुलिस 29 मई को आरोपित विराट कश्यप तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ के दौरान आरोपित ने कई अहम खुलासे किए। पुलिस के अनुसार विराट और नेहा पिछले करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध में थे। नेहा लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी।
जांच में सामने आया कि 25 मई की रात करीब दस बजे इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर विराट कश्यप ने नेहा का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को नीले रंग के ड्रम में डाल दिया। बाद में एक वाहन की सहायता से ड्रम को डीसीडब्ल्यू पुल के पास फेंक दिया गया।