विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटियाला में गोलक की सेवा गिनने के दौरान गुरुद्वारा साहिब में हंगामा, तलवारें चली; गोली लगने से दो घायल

Published: Mon, 17 Aug 2026 02:17 PM (IST)

घनौर के मंडौली गांव स्थित गुरुद्वारा साहिब में विवाद के दौरान तलवार से हमला और गोली चलने से कमेटी प्रधान नायब सिंह समेत दो लोग घायल हुए।

अस्पताल में उपचाराधीन घायल।

अस्पताल में उपचाराधीन घायल।

HighLights

  1. गुरुद्वारा में गोलक गिनने के दौरान हुआ विवाद।

  2. तलवार से हमला और गोली चलने से दो घायल।

  3. घायलों का राजिंदरा अस्पताल में चल रहा उपचार।

जागरण संवाददाता, पटियाला। पटियाला के घनौर थाना क्षेत्र के गांव मंडौली स्थित गुरुद्वारा साहिब में सोमवार को गोलक की सेवा गिनने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला झड़प तक पहुंच गया। इस दौरान तलवार से हमला और गोली चलने की घटना सामने आई। वारदात में गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान नायब सिंह और गांव निवासी कमलजीत सिंह घायल हो गए।

दोनों को उपचार के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को संगरांद होने के कारण गुरुद्वारा साहिब में गोलक की सेवा गिनने का काम चल रहा था। इसी दौरान कमलजीत सिंह गुरुद्वारा साहिब के बाहर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसके हाथ में तलवार थी। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान नायब सिंह ने उसे बाहर रोकने के साथ घर जाने के लिए कहा।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कमलजीत सिंह ने नायब सिंह पर तलवार से दो वार कर दिए। हमले में नायब सिंह घायल हो गए। इसके बाद नायब सिंह ने कथित तौर पर अपने बचाव में गोली चला दी। गोली कमलजीत सिंह के पेट में लग गई।

यह भी पढ़ें- सुखबीर बादल पर हमला एक साजिश! खन्ना में हरसिमरत बोलीं- जितना तोड़ने की कोशिश होगी, उतना मजबूत होगा अकाली दल

घटना के बाद गुरुद्वारा साहिब में मची अफरा-तफरी

गोलियों की आवाज और झड़प के बाद गुरुद्वारा साहिब में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों का राजिंदरा अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि कमलजीत सिंह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था और गांव में हाथ में कृपाण लेकर घूमता था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए इस दावे को फिलहाल परिजनों और स्थानीय लोगों की जानकारी के तौर पर ही देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- कर्मचारियों से वादाखिलाफी पर भड़के वड़िंग, पंजाब सरकार को दी चेतावनी- पुरानी पेंशन स्कीम और डीए का वादा हो पूरा

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के संबंध में पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आगे की कार्रवाई घायलों के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

यह भी पढ़ें- फर्जी सहमति पत्रों से मंजूरी का आरोप, मोहाली सनटेक सिटी मामले में IAS अधिकारी ईडी के रडार पर; कल होगी पूछताछ