Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चन्नी के घर बगावती मीटिंग के बाद फैसला, राजा वडिंग के खिलाफ हाईकमान से बात करने के लिए बनी स्पेशल कमेटी

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 03:22 PM (IST)

    पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर हुई बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने हाईकमान से बातचीत के लिए एक समिति गठित की। समिति के सदस्यों के नाम ब ...और पढ़ें

    HighLights

    1. पूर्व सीएम चन्नी के मोरिंडा आवास पर हुई बैठक।

    2. पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक फेरबदल पर चर्चा हुई।

    3. हाईकमान से संवाद हेतु समिति गठित करने का निर्णय।

    जागरण संवाददाता, मोरिंडा (रूपनगर)। पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल के बाद जारी राजनीतिक हलचल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के मोरिंडा स्थित आवास पर शुक्रवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद बड़ा फैसला लिया गया। कांग्रेस के मौजूदा विधायकों, पूर्व विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक समाप्त होने के बाद हाईकमान से बातचीत के लिए एक समिति गठित करने की घोषणा की गई।

    समिति का उद्देश्य पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भावनाओं तथा सुझावों को कांग्रेस हाईकमान तक पहुंचाना बताया गया है। बैठक में पंजाब कांग्रेस के कई विधायक, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। संगठनात्मक फेरबदल के बाद पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

    बैठक समाप्त होने के बाद नेताओं ने एकजुट होकर मीडिया से बातचीत की और बताया कि कांग्रेस को मजबूत बनाने तथा पार्टी की बात शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने के लिए समिति का गठन किया गया है।

    यह भी पढ़ें- शाह से मुलाकात पर रंधावा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- पंजाब की सुरक्षा पर रखी चिंता; चन्नी की बैठक के सवाल पर साधा मौन

    जल्द सदस्यों का नाम घोषित किया जाएगा

    नेताओं ने स्पष्ट किया कि फिलहाल समिति के गठन पर सहमति बनी है, जबकि इसके सदस्यों के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे। समिति कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात कर संगठनात्मक मुद्दों, कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेगी।

    पंजाब यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि बैठक का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को चुनौती देने के लिए संगठन को एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि सभी नेता एक मंच पर इसलिए एकत्र हुए हैं ताकि कार्यकर्ताओं और नेताओं की भावनाओं को कांग्रेस हाईकमान तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में बगावत! राजा वडिंग के खिलाफ चन्नी गुट ने खोला मोर्चा, रंधावा की शाह से मुलाकात ने बढ़ाई हलचल

    हाईकमान से सकारात्मक संवाद की जरूरत

    बरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता चाहते हैं कि पार्टी राज्य में मजबूत होकर चुनाव लड़े और इसके लिए संगठन तथा नेतृत्व से जुड़े सभी विषयों पर हाईकमान के साथ सकारात्मक संवाद होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समिति इसी उद्देश्य से बनाई गई है और जल्द ही शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर अपनी बात रखेगी।

    राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि समिति के गठन से यह संकेत मिला है कि संगठनात्मक फेरबदल के बाद पार्टी के भीतर उठ रहे सवालों को अब संस्थागत तरीके से हाईकमान तक पहुंचाने की तैयारी की गई है। हालांकि नेताओं ने बैठक को पार्टी विरोधी गतिविधि मानने से इनकार करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल कांग्रेस को मजबूत करना और चुनावी तैयारियों को बेहतर बनाना है।

    यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में उठे बगावती सुर, चन्नी की लगातार दूसरी बैठक से हलचल बढ़ी; संगठन में असंतोष की चर्चाएं तेज