पंजाब में 90 प्रतिशत वोटरों की मैपिंग पूरी, मुख्यमंत्री बोले- कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर नहीं होगा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में करीब 90 प्रतिशत वोटरों की मैपिंग पूरी हो चुकी है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शेष कार्य तेजी से जारी ह ...और पढ़ें

संगरूर में सीएम भगंवत मान व उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर।
HighLights
पंजाब में 90% वोटरों की मैपिंग का काम पूरा।
मुख्यमंत्री मान ने पात्र मतदाताओं को शामिल करने का आश्वासन दिया।
बूथ स्तर के अधिकारी घर-घर सत्यापन कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, संगरूर। पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य तेजी से चल रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया है कि राज्य में लगभग 90 प्रतिशत वोटरों की मैपिंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है और जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।
संगरूर में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत अपना फार्म भरने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाई जा रही इस प्रक्रिया में राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी वास्तविक और पात्र वोटर का नाम गैर-कानूनी तरीके से मतदाता सूची से हटने नहीं देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी पर निर्भर करती है। इसलिए सभी नागरिकों को इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए और निर्धारित समय के भीतर अपना फार्म भरकर जमा करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही और पारदर्शी होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें- जन्मदिन की पार्टी में मचा बवाल, तरनतारन में दो गुटों के बीच चलीं गोलियां; 15 लोगों पर मामला दर्ज
समय पर अपने फार्म भरने की कही बात
उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे, जिन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना फार्म सही ढंग से भरकर जमा कराया होगा। यदि कोई पात्र मतदाता फार्म जमा नहीं करता है तो उसका नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचना चाहिए।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत बूथ स्तर के अधिकारी 25 जून से 24 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन, जानकारी का मिलान और आवश्यक संशोधन कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
यह भी पढ़ें- गुरदासपुर में घर में घुसकर जीजा-साली पर दातर से हमला, ईंट-पत्थर बरसाए; तीन आरोपितों पर मामला दर्ज
निर्धारित समय पर पूरा होगा काम
उन्होंने कहा कि अब तक प्राप्त प्रगति संतोषजनक है और लगभग 90 प्रतिशत मैपिंग पूरी होना इस अभियान की सफलता को दर्शाता है। शेष कार्य भी तेजी से किया जा रहा है ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने बूथ स्तर अधिकारी के साथ सहयोग करें, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और समय रहते अपना फार्म जमा करवाएं, ताकि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो सके और वे अपने मतदान के अधिकार का उपयोग कर सकें।