Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    तरनतारन में नशा तस्करों के बीच गैंगवार, 3 साल की मासूम बच्ची और पुलिस कॉन्स्टेबल को लगी गोली

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 07:00 AM (IST)

    तरनतारन के मुरादपुरा में नशा तस्करों के दो गुटों की गोलीबारी में एक तीन वर्षीय बच्ची और पंजाब पुलिस का एक कॉन्स्टेबल घायल हो गए। ...और पढ़ें

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।

    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।

    HighLights

    1. नशा तस्करों के दो गुटों में हुई भीषण गोलीबारी।

    2. गली में खेल रही मासूम बच्ची को लगी गोली।

    3. पुलिस कांस्टेबल भूपिंदर सिंह भी गोली लगने से घायल।

    जागरण संवाददाता, तरनतारन। पंजाब के मुरादपुरा क्षेत्र में शनिवार शाम नशा तस्करों के दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में तीन वर्षीय बच्ची घायल हो गई।

    घटना के समय बच्ची गली में खेल रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तस्करों से सामना किया, जिसमें पंजाब पुलिस के कॉन्स्टेबल भूपिंदर सिंह और एक तस्कर भी घायल हो गए।

    एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि तस्कर पुंगी मुरादपुरा ने कांस्टेबल को गोली मारी है, जिसकी तलाश में छापामारी जारी है। कॉन्स्टेबल को अमृतसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    जानकारी के अनुसार, मुरादपुरा के दो प्रतिद्वंद्वी गुटों ने अनाज मंडी में आमने-सामने आने का समय तय किया था। करीब साढ़े सात बजे दोनों गुटों के बीच करीब 14 राउंड गोलियां चलीं।

    एक गुट के सदस्य भागने लगे, तो दूसरे ने उनका पीछा करते हुए फायरिंग जारी रखी। इसी दौरान, गली में खेल रही बच्ची के बाजू में गोली लग गई।

    स्थानीय लोगों ने पुलिस से पीसीआर तैनात करने की मांग की थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नहीं बढ़ाई गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी (इन्वेस्टिगेशन) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

    उल्लेखनीय है कि यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले 23 जुलाई को भी इसी क्षेत्र में तस्करों के बीच गोलीबारी हुई थी।

    यह भी पढ़ें- पंजाब के तरनतारन में एक माह पहले नशा छोड़ने वाले शख्स की मौत, परिवार का पोस्टमार्टम कराने से इनकार